
मौदहा से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। तहसील सरीला में तैनात नायब तहसीलदार आशीष कुमार गुप्ता ने फोन और व्हाट्सएप कॉल के जरिए गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी मिलने का आरोप लगाते हुए मौदहा कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो नामजद समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायती पत्र में आशीष कुमार गुप्ता ने बताया कि जमीरउद्दीन पुत्र खलीलउद्दीन एवं खलीलउद्दीन पुत्र हमीदउद्दीन, निवासी कस्बा मौदहा, अलग-अलग मोबाइल नंबरों से उनके और उनकी पत्नी के मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल व संदेश भेजकर अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं तथा जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि जमीरउद्दीन अपने 2-3 अज्ञात साथियों के साथ उनके कार्यालय और कॉलोनी के आसपास घूमता रहता है तथा उनके और उनके परिवार के जान-माल को नुकसान पहुंचाने की फिराक में है। तहरीर में कई मोबाइल नंबरों का भी उल्लेख किया गया है, जिनसे कथित तौर पर लगातार कॉल और संदेश भेजे जा रहे हैं।
मौदहा कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो नामजद एवं तीन अज्ञात समेत कुल पांच लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि कॉल डिटेल, व्हाट्सएप रिकॉर्ड और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद साक्ष्यों के अनुरूप आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

