
पांढुर्णा के मेधावी सितारों ने रचा इतिहास, एमपी बोर्ड की प्रवीण्य सूची में चमके जिले के 6 होनहार-कड़ी मेहनत और अनुशासन से हासिल की बड़ी सफलता
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के मार्गदर्शन में पांढुर्णा जिले ने शिक्षा के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि दर्ज की है। मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (एमपी बोर्ड) द्वारा घोषित हाई स्कूल सर्टिफिकेट (कक्षा 10वीं) एवं हायर सेकेंडरी (कक्षा 12वीं) परीक्षा परिणामों में जिले के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की प्रवीण्य सूची में गौरवपूर्ण स्थान प्राप्त किया है। ग्रामीण अंचल से आने वाले इन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने यह साबित किया है कि सीमित संसाधनों के बावजूद दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से सफलता हासिल की जा सकती है।

प्रदेश की प्रवीण्य सूची में जिले के होनहारों का प्रदर्शन
आधिकारिक जानकारी के अनुसार कक्षा 10वीं में जिले के 5 विद्यार्थियों ने प्रदेश की टॉप-10 सूची में स्थान बनाया है। सांदीपनि विद्यालय, सौसर की छात्रा निकिता फरकसे ने 497 अंकों के साथ प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया। इसी विद्यालय के छात्र मोहित मुर्मुले (पिता वासुदेव मुर्मुले) ने 494 अंकों के साथ छठवां स्थान हासिल किया। सांदीपनि विद्यालय, पांढुर्णा की छात्रा हर्षदा विरखरे ने 493 अंकों के साथ सातवां स्थान प्राप्त किया। लिटिल स्टेप विद्यालय, बोरगांव के छात्र आदर्श मणेराव (पिता विष्णु मणेराव) ने 492 अंक अर्जित कर आठवां स्थान प्राप्त किया, जबकि सरस्वती शिशु मंदिर, तिगांव के छात्र निशांत वानखेड़े (पिता किशोर वानखेड़े) ने 490 अंकों के साथ दसवां स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया। इसके अतिरिक्त कक्षा 12वीं (गणित संकाय) में न्यू सनफ्लावर विद्यालय, पांढुर्णा की छात्रा मेघा बिंगाने ने 483 अंकों के साथ प्रदेश की प्रवीण्य सूची में दसवां स्थान अर्जित कर जिले को एक और गौरव दिलाया।
कलेक्टर ने दी बधाई, बताया प्रेरणादायक उपलब्धि
कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने सभी मेधावी विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने इसे जिले के लिए गर्व का विषय बताते हुए सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विकासखंड स्तर पर भी संतुलित सफलता
विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रवीण्य सूची में शामिल इन विद्यार्थियों में से 3 छात्र सौसर विकासखंड तथा 3 छात्र पांढुर्णा विकासखंड (कक्षा 12वीं सहित) से हैं। यह उपलब्धि जिले में शिक्षा के समान और संतुलित विकास को दर्शाती है। जिले के इन मेधावी सितारों की सफलता न केवल उनके परिवार और विद्यालय के लिए गौरव का विषय है, बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। जिला प्रशासन पांढुर्णा शिक्षा के क्षेत्र में ऐसे ही उत्कृष्ट परिणामों के लिए निरंतर प्रयासरत है।