
डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पर जल संरक्षण व संविधान जागरूकता के कार्यक्रम आयोजित
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुर्णा। डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता आधारित कार्यक्रमों का आयोजन कर विद्यार्थियों को सामाजिक एवं राष्ट्रीय मूल्यों के प्रति प्रेरित किया गया।
शासकीय हाई स्कूल राजना में जल संरक्षण अभियान के अंतर्गत विविध गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान विद्यार्थियों ने जल संरक्षण विषय पर आकर्षक पोस्टर और प्रभावशाली नारों के माध्यम से पानी बचाने का संदेश दिया। साथ ही चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन कर विद्यार्थियों की रचनात्मकता को प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने जल संरक्षण हेतु सामूहिक शपथ लेकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

इसी क्रम में सांदीपनि विद्यालय पांढुर्णा में भारतीय संविधान का वाचन कर विद्यार्थियों को संविधान में निहित मूल अधिकारों, कर्तव्यों एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की जानकारी दी गई। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को बताया कि संविधान हमारे देश की आधारशिला है और इसके प्रति जागरूक रहना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में न केवल जल संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित हुआ, बल्कि उन्हें संविधान के प्रति जागरूक एवं सजग नागरिक बनने की प्रेरणा भी मिली।