
*भाजपा का ‘गांव चलो-बस्ती चलो अभियान’ पांढुर्णा में सक्रिय: नानाभाऊ मोहोड के नेतृत्व में बेरडी में स्वच्छता श्रमदान, वरिष्ठों का सम्मान और जनसंवाद पर जोर*
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुरना – भारतीय जनता पार्टी द्वारा राष्ट्रव्यापी स्तर पर चलाए जा रहे ‘गांव चलो-बस्ती चलो अभियान’ के अंतर्गत पांढुर्णा नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर संगठन ने जनसंपर्क को मजबूत करने का प्रयास किया। ग्राम बेरडी सहित नगर के विभिन्न वार्डों में स्वच्छता अभियान, वरिष्ठ नागरिक सम्मान एवं केंद्र-राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देने जैसे कार्यक्रम उत्साहपूर्वक संपन्न हुए।

ग्राम बेरडी में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मंत्री नानाभाऊ मोहोड के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता श्रमदान किया। सभी ने स्वयं झाड़ू उठाकर सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। इस अवसर पर नागरिकों को संबोधित करते हुए नाना भाऊ मोहोड़ ने कहा कि “स्वच्छता ही सेवा है” और स्वच्छ वातावरण बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छता संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
स्वच्छता अभियान के उपरांत वरिष्ठ नागरिक सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें वार्ड के वरिष्ठजनों को पार्टी का पटका एवं पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नानाभाऊ मोहोड ने कहा कि अनुभवी वरिष्ठों का मार्गदर्शन और समर्पित कार्यकर्ताओं का परिश्रम ही संगठन की वास्तविक ताकत है।
इसी क्रम में भाजपा नगर मंडल पांढुर्णा द्वारा टेकड़ी वार्ड एवं धनपेठ वार्ड में भी अभियान के तहत स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए गए। यहां वरिष्ठजनों का स्वागत किया गया तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद कर योजनाओं की जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम में प्रभारी प्रशांत दाडे, पार्षद महेंद्र घोड़े, पूर्व नगर मंडल अध्यक्ष नरेश कलम्बे सहित बूथ अध्यक्ष और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
वहीं मेघनाथ वार्ड में भी स्वच्छता अभियान चलाकर क्षेत्र को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया। इस दौरान वरिष्ठजनों एवं प्रबुद्ध नागरिकों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में मंडल उपाध्यक्ष गिरीश कोरडे, पार्षद मदन भांगे, श्रीमती रामरति इवनाती, पूर्व पार्षद सरजु कोडापे, सुरेश खोडे, बूथ अध्यक्ष किशोर धुर्वे, रामभाऊ बालपांडे, ईश्वर बोरकर, सुभाष दामोदर सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजपा द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान न केवल संगठनात्मक मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है, बल्कि स्वच्छता, सामाजिक समरसता और जनजागरूकता को भी बढ़ावा दे रहा है। अभियान के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ता सीधे आमजन से जुड़कर उनकी समस्याओं को सुन रहे हैं और शासन की योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचा रहे हैं।