

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
सुमेरपुर हमीरपुर । गेहूं से लदी ट्राली को बैक करते समय ट्रैक्टर मालिक का पौत्र चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज को ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया।
बांकी गांव निवासी राजकिशोर साहू का पुत्र गगन साहू 21 वर्ष गांव निवासी लल्लू शिवहरे का गेहूं लादकर उसके घर पर खाली करने गया हुआ था। बताते हैं कि वह ट्राली को बैक नहीं कर पा रहा था। तभी गांव के निवासी रामू सिंह गौर ने ट्रैक्टर बैक करने को कहा। इस पर गगन ने ट्रैक्टर चलाने को राम सिंह गौर को दे दिया और खुद जाकर ट्राली के पीछे खड़ा होकर साइड बताने लगा। तेजी के साथ ट्रैक्टर को बैक कर देने से गगन ट्राली की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे आनन फानन में इलाज के लिए परिजन सदर अस्पताल ले गए। अस्पताल पहुंचने के पूर्व ही उसकी मौत हो गई। सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक दो भाइयों एवं एक बहन में बड़ा था। बहन की शादी हो चुकी है।
थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने बताया कि सूचना प्राप्त हुई है शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।