
राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों का सम्मान, शिविरों में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर किया अभिनंदन राष्ट्रीय एकता एवं राज्य स्तरीय नेतृत्व शिविर में सहभागिता से महाविद्यालय का बढ़ाया गौरव
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय विज्ञान महाविद्यालय में दिनांक 26 मार्च 2026 को राष्ट्रीय सेवा योजना के विद्यार्थियों के लिए स्वागत एवं सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शहनाज खान की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. डी. एस. बिसेन, डॉ. दिलेश कुमार इंदुरकर, प्रो. अभिलाषा दवंडे, प्रो. शीतल गुजरे, राष्ट्रीय सेवा योजना छात्र इकाई के कार्यक्रम अधिकारी प्रो. गणेश कुमार तुमड़ाम एवं छात्रा इकाई की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पल्लवी झारिया विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के छात्र एवं छात्रा इकाई के स्वयंसेवकों को राष्ट्रीय एकता शिविर तथा राज्य स्तरीय नेतृत्व शिविर में सहभागिता कर अपने उत्कृष्ट नेतृत्व से महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित करने पर सम्मानित किया गया। शिविरों से लौटे स्वयंसेवकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने “मैं नहीं, आप” की भावना के साथ राष्ट्र सेवा एवं समाज सेवा के गुणों का विकास किया, साथ ही अनुशासन, समय प्रबंधन एवं टीम भावना के साथ कार्य करना सीखा।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. शहनाज खान ने अपने उद्बोधन में सभी स्वयंसेवकों को बधाई देते हुए कहा कि शिविर के माध्यम से अर्जित ज्ञान एवं अनुभवों को समाज के बीच ले जाकर समाज सेवा की भावना को जागृत करना चाहिए तथा एक अच्छे नागरिक बनकर देश और समाज की सेवा करनी चाहिए। यही राष्ट्रीय सेवा योजना का मूल उद्देश्य है।
इस अवसर पर उपस्थित प्राचार्य एवं सभी सम्माननीय प्राध्यापकों द्वारा शिविर से लौटे स्वयंसेवकों-जितेंद्र डोहरे (राज्य स्तरीय शिविर, अमरकंटक), रोहन वटके (राज्य स्तरीय नेतृत्व शिविर, चित्रकूट), शुभम सलामे (राष्ट्रीय एकता शिविर, पश्चिम बंगाल), रोहित पन्द्राम (विश्वविद्यालय स्तरीय नेतृत्व विशेष शिविर, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय, भेड़ाघाट, जबलपुर) तथा कुमारी सोनम गिरारे (राष्ट्रीय सेवा योजना विशेष शिविर में उत्कृष्ट कार्य) को पुष्पमाला एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के श्री भोजराज काराले, श्री मनोज खुरसंगे, श्री राधेश्याम बुवाडे सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।