
आरटीई प्रवेश में तकनीकी गड़बड़ियों पर कांग्रेस का विरोध, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुर्णा। नगर कांग्रेस कमेटी पांढुर्णा ने शिक्षा का अधिकार (RTE) के तहत होने वाली नि:शुल्क प्रवेश प्रक्रिया में आ रही तकनीकी समस्याओं को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर समाधान की मांग की है। यह ज्ञापन नगर कांग्रेस अध्यक्ष जयंत घोड़े के नेतृत्व में सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि शहर के गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के बच्चे पोर्टल में आ रही तकनीकी खामियों और प्रशासनिक लापरवाही के चलते योजना का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। कांग्रेस कमेटी ने विशेष रूप से पोर्टल की मैपिंग में त्रुटियों को प्रमुख समस्या बताया है।

कमेटी के अनुसार पांढुर्णा के जाडबा, मौलाना आजाद, टेकड़ी, गुरुदेव, घनपेठ, खारी, शिवाजी, मेघनाथ, संत रविदास, पेवठा और भगत सिंह वार्ड के अभिभावकों को ऑनलाइन पोर्टल पर स्कूलों के विकल्प ही नहीं दिखाई दे रहे हैं, जिससे वे आवेदन नहीं कर पा रहे हैं।
इसके अलावा नए जिले के गठन और नगर सीमा में हुए बदलाव के बाद पोर्टल पर बच्चों के निवास और स्कूल के बीच की दूरी भी गलत दर्शाई जा रही है। इस त्रुटि के कारण कई पात्र बच्चे लॉटरी प्रक्रिया से बाहर हो रहे हैं, जिससे उन्हें प्रवेश से वंचित होना पड़ रहा है।
नगर कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन से मांग की है कि इन तकनीकी खामियों को शीघ्र दुरुस्त किया जाए और प्रभावित वार्डों के बच्चों को पुनः आवेदन का अवसर दिया जाए। साथ ही पांढुर्णा में एक विशेष हेल्प डेस्क स्थापित करने तथा आवश्यकता पड़ने पर राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल से समन्वय कर आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने की भी मांग की गई है।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष जयंत घोड़े ने कहा कि संबंधित पोर्टल ऑपरेटर और तकनीकी टीम को तत्काल निर्देशित कर मैपिंग में सुधार किया जाना चाहिए, ताकि कोई भी जरूरतमंद बच्चा शिक्षा के अधिकार से वंचित न रहे। इस दौरान कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
