

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा। हमीरपुर।20 मार्च मौदहा कस्बा सहित क्षेत्र में शुक्रवार को अलविदा जुमा की नमाज सकुशल संपन्न हुई जिसमें मुस्लिम भाईयों ने अमन-चैन की दुआएं मांगी हैं। वहीं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन चौकन्ना रहा है ।
मौदहा कस्बा में शुक्रवार को पवित्र रमज़ान का अलविदा जुमा की नमाज अदा की गई है। सुबह से मौसम की बेरुखी और बूंदाबांदी के बावजूद नगरपालिका की टीम ने मस्जिदों के आसपास व नगर की सड़कों में साफ-सफाई की थी। कस्बा सहित क्षेत्र की आधा सैकड़ा मस्जिदों में अलविदा जुमा की नमाज़ पढ़ी गई है। कस्बा की जामा मस्जिद में शहर पेश इमाम कारी करामात उल्ला, मस्जिद रहमानियां में कारी सनाउल्लाह, मस्जिद क़ायम कुआं में पेश इमाम मेराजुद्दीन, मस्जिद चौधराना में मौलाना अता उर्रहमान सहित अन्य मस्जिदों में पेश इमामों के द्वारा अलविदा जुमा की नमाज अदा करवाई गई है। नमाज के बाद पेश इमामों ने सभी से आपसी एकता सौहार्द भाईचारा के साथ ईद का पर्व मनाने की अपील की है। शांति और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर उपजिलाधिकारी कर्णवीर सिंह, क्षेत्राधिकारी राजकुमार पाण्डेय सहित भारी पुलिस बल भ्रमण करते नज़र आया है।शहर इमाम ने बताया कि ईदगाह में ईद-उल-फितर की नमाज 7:45 बजे अदा की जाएगी।