
स्वच्छता में पांढुर्णा को अग्रणी बनाने की दिशा में कलेक्टर की सख्त पहल स्वच्छ सर्वेक्षण की समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने दिए प्रभावी दिशा-निर्देश
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में नगरीय निकायों में संचालित स्वच्छ सर्वेक्षण के अंतर्गत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर पालिका एवं नगर पंचायतों में स्वच्छता व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
बैठक के दौरान कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों-आवासीय, व्यावसायिक, सार्वजनिक एवं पर्यटन स्थलों, पार्क एवं गार्डन तथा फूड जोन-में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही शहर में पर्याप्त संख्या में स्टोरेज बिन उपलब्ध कराने एवं स्वच्छता मानकों के अनुरूप कचरा प्रबंधन प्रणाली को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए नालियों एवं बरसाती जल निकासी तंत्र की समयपूर्व सफाई सुनिश्चित करने तथा ठोस अपशिष्ट एवं मलबे से नालियों को मुक्त रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली को और अधिक मजबूत करने तथा स्वच्छ जल संरचनाओं के निर्माण एवं संरक्षण पर भी विशेष बल दिया गया। बैठक में नगर क्षेत्र के सौंदर्गीकरण एवं सजावट कार्यों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान प्रमुख स्थलों एवं एमपीएल ग्राउंड को चिन्हित कर उनके सौंदर्याकरण के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। साथ ही झुग्गी-बस्तियों एवं छोटी बस्तियों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश भी प्रदान किए गए।
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत नगर की नदियों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए सरपा नदी सहित अन्य जल स्रोतों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा। इसके अतिरिक्त स्कूल परिसरों, बस्तियों एवं नदी तटों की स्वच्छता बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। बैठक में कचरा संग्रहण व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों के माध्यम से गीले एवं सूखे कचरे का पृथक संग्रहण सुनिश्चित करने तथा नागरिकों को इसके प्रति जागरूक करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर श्री नीलमणि अग्निहोत्री, संयुक्त कलेक्टर सुश्री नेहा सोनी, एसडीएम पांढुर्णा श्रीमती अलका एक्का, एसडीएम सौंसर श्री सिद्धार्थ पटेल, सीएमओ सौंसर श्री मौसम पालेवर, सीएमओ मोहगांव श्री राजाराम वराठे, सीएमओ लोधीखेड़ा श्री शिव कुमार बघेल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।