
जर्जर विद्यालयों की मरम्मत को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित, कलेक्टर श्री वशिष्ठ की अध्यक्षता में हुई विस्तृत समीक्षा
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
जिले में जर्जर विद्यालय भवनों की मरम्मत एवं आवश्यक सुधार कार्यों के संबंध में कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यलय के सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा विद्यालयों की वर्तमान स्थिति एवं प्रस्तावित मरम्मत कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। इस दौरान विद्यालय भवनों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों पर गहन चर्चा की गई।

सुरक्षा और आवश्यक संसाधनों पर दिया विशेष जोर
बैठक के दौरान कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने विभिन्न विद्यालयों में प्रस्तावित मरम्मत कार्यों की अनुमानित लागत, तकनीकी समस्याओं एवं आवश्यक संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने विद्यालयों की दीवारों एवं छत की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए उनकी मजबूती और सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। साथ ही अधिकारियों से यह भी जानकारी प्राप्त की कि प्रत्येक विद्यालय में किन-किन कार्यों की आवश्यकता है तथा उन पर आने वाली लागत कितनी होगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मरम्मत कार्यों में प्राथमिकता के आधार पर किचन शेड, शौचालय एवं विद्यालय की छत के सुधार कार्य शामिल किए जाएं।

निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश
बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी मरम्मत कार्य 15 अप्रैल से प्रारंभ किए जाएंगे तथा वर्षा ऋतु शुरू होने से पूर्व पूर्ण कर लिए जाएंगे, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके। कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त कलेक्टर श्री नीलमणि अग्निहोत्री, संयुक्त कलेक्टर सुश्री मेघा शर्मा एवं सुश्री नेहा सोनी, एसडीएम पांढुर्णा श्रीमती अलका एक्का, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रियंका मिश्रा एवं सुश्री प्रेक्षा पाठक, जनपद पंचायत सीईओ श्रीमती बंदू सूर्यवंशी सहित सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।