
पांढुरना में कलेक्टर कार्यालय के लिए जगह लगभग तय, पुलिस परिसर में बन सकता है नया भवन
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुरना। करीब ढाई साल के इंतजार के बाद नवगठित पांढुरना जिले में जिला कलेक्टर कार्यालय भवन को लेकर बड़ी हलचल तेज हो गई है। सोमवार को जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया, जिससे यह संकेत मिल रहा है कि कलेक्टर कार्यालय के लिए स्थान चयन की प्रक्रिया अब अंतिम दौर में पहुंच चुकी है।

वरिष्ठ अधिकारियों ने किया स्थल का जायजा
सोमवार दोपहर कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम पांढुरना पहुंची। उनके साथ पुलिस अधीक्षक सुंदर सिंह कनेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीरज सोनी तथा म.प्र. शासन के एबीपीडी विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने पुलिस हेडक्वार्टर के पीछे स्थित खाली भूमि का बारीकी से निरीक्षण कर यहां कलेक्टर कार्यालय भवन निर्माण की संभावनाओं पर चर्चा की।
इस दौरान एसडीएम अलका एक्का, तहसीलदार विनय ठाकुर, एसडीओपी ब्रजेश भार्गव, आरआई अलका सिवडे और थाना प्रभारी अमित कुमार दानी सहित कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
एक ही परिसर में बन सकते हैं प्रमुख कार्यालय
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, प्रस्तावित योजना के तहत कलेक्टर कार्यालय को पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय के समीप ही विकसित किया जा सकता है। यदि ऐसा होता है, तो कलेक्टर कार्यालय, एसपी कार्यालय, थाना और पुलिस कंट्रोल रूम जैसे महत्वपूर्ण विभाग एक ही परिसर में संचालित होंगे।
इससे प्रशासन और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल बनेगा और आपातकालीन स्थितियों में त्वरित निर्णय लेने में सुविधा मिलेगी। हालांकि इस योजना पर अभी शासन स्तर से आधिकारिक मुहर लगना बाकी है।
दो साल से चल रही थी कवायद
गौरतलब है कि पांढुरना को जिला बनाए जाने के बाद से ही कलेक्टर कार्यालय के लिए उपयुक्त स्थान की तलाश जारी थी। पहले इस भवन को शहर से दूर अमरावती रोड पर बनाए जाने की चर्चा सामने आई थी, जिसका स्थानीय नागरिकों और कांग्रेस पार्टी ने विरोध किया था।
इस मुद्दे को लेकर लंबे समय तक बहस और आंदोलन भी चलते रहे।
अब पुलिस परिसर में प्रस्तावित इस नए विकल्प के सामने आने से उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही पांढुरना को अपना स्थायी कलेक्टर कार्यालय भवन मिल सकेगा।