A2Z सभी खबर सभी जिले की

 नगर में बिना अनुमति बन रहीं बहुमंजिला इमारतों पर कार्रवाई के निर्देश, राजस्व वसूली तेज करने के आदेश

नियमों को दरकिनार कर किए जा रहे निर्माण कार्यों पर उठाए जाएंगे सख्त कदम

डिंडौरी : 09 मार्च, 2026
शहर में बिना अनुमति बन रही 4-5 मंजिला इमारतों को लेकर प्रकाशित समाचार को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि नियमों को दरकिनार कर किए जा रहे निर्माण कार्यों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इसी क्रम में सीएमओ अमित तिवारी ने आज राजस्व वसूली की प्रगति को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने लंबित राजस्व की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि वसूली की प्रक्रिया को तेज किया जाए और सभी बकायेदारों से समय पर राजस्व जमा कराया जाए।
सीएमओ तिवारी ने विशेष रूप से शहर के बड़े बकायेदारों पर ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर में संचालित सभी दुकानें, होटल, बारातघर, विद्यालय और अन्य बड़े प्रतिष्ठानों से तत्काल राजस्व वसूली सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई भी बकायेदार निर्धारित समय में राजस्व जमा नहीं करता है तो उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उन्होंने यह भी कहा कि मार्च माह के भीतर सभी लंबित राजस्व वसूली को हर हाल में पूरा किया जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में त्वरित सर्वेक्षण कर बकायेदारों को नोटिस जारी करने और विशेष अभियान चलाकर राजस्व वसूली करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी का कहना है कि अवैध निर्माण और राजस्व बकाया दोनों ही मामलों में सख्ती बरती जाएगी, ताकि शहर में नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!