
जन अभियान परिषद द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन
कोपरावाड़ी खुर्द और मोरडोंगरी में महिलाओं को अधिकारों, स्वास्थ्य व स्वावलंबन की दी गई जानकारी
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुर्णा क्षेत्र में 8 मार्च 2026 को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में विभिन्न ग्रामों में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों, स्वास्थ्य, स्वावलंबन तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी प्रदान की गई।

ग्राम पंचायत कोपरावाड़ी खुर्द में आयोजित कार्यक्रम में जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन तथा विकासखंड समन्वयक श्री अनिल बोबडे ने उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि समाज में महिलाओं की भागीदारी और सशक्तिकरण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और शासन की योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में संस्था प्रमुख श्री सुखदेव पाटिल विशेष रूप से उपस्थित रहे। वहीं ग्राम पंचायत सचिव ने महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएँ और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
इसी क्रम में कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशानुसार तथा मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन एवं विकासखंड समन्वयक श्री दिलीप आठनेरे के मार्गदर्शन में ग्राम मोरडोंगरी के आंगनवाड़ी केन्द्र में भी अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस कार्यक्रम का संचालन सीएम सोशल इंटर्न सुश्री नेहा बागड़े द्वारा किया गया। उन्होंने महिलाओं को सामाजिक जागरूकता, स्वास्थ्य, स्वावलंबन, योगाभ्यास तथा शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही प्रस्फुटन समितियों द्वारा किए जा रहे रचनात्मक कार्यों की जानकारी साझा करते हुए आने वाले समय में आयोजित होने वाली गतिविधियों की रूपरेखा भी प्रस्तुत की गई।
कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, प्रस्फुटन समिति के सदस्य, छात्र-छात्राएँ तथा ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।