
मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव के जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन शनिवार को पंचायत समिति कोटपूतली के सभागार में जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी, जिला पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र कुमार विश्नोई एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश सहारण सहित अन्य की उपस्थिति में किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम में वर्चुअली राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया।

इस अवसर पर सभागार में राजस्थान सरकार के विभिन्न विभागों और संगठनों में जिले के चयनित करीब 185 नवनियुक्त कार्मिक उपस्थित रहे। जिनमे चयनित को प्रतीकात्मक रूप से नियुक्ति पत्र दिए गए।
जिला कलक्टर प्रियंका गोस्वामी ने नवनियुक्त कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि राजकीय सेवा में कार्य करना एक महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने सभी कार्मिकों से पूर्ण ईमानदारी, निष्ठा एवं कर्तव्यपरायणता के साथ आमजन के हित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया तथा शुभकामनाएं दीं।
जिला पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर ने आभार व्यक्त करते हुए नवनियुक्त कार्मिकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि जयराम गुर्जर, तहसीलदार रामधन गुर्जर, सीएमएचओ डॉ. आशीष सिंह शेखावत, एसीपी सूचना प्रौद्योगिकी सुनील मीना सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। मंच संचालन जिला चिकित्सा नोडल अधिकारी रविकांत जांगिड ने किया।
