

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। शहर की कांशीराम कॉलोनी में पानी की समस्या को लेकर हालात बेहद गंभीर हो गए हैं। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि करीब 15 साल पहले बनी पानी की टंकी आज तक एक बूंद पानी नहीं दे सकी। ट्यूबवेल खराब होने के कारण पूरी कॉलोनी बूंद-बूंद पानी को तरस रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कागजों में टंकी को चालू दिखाया जा रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। गर्मी बढ़ते ही पानी की किल्लत और विकराल हो गई है। महिलाओं को दूर-दराज के हैंडपंपों और निजी स्रोतों से पानी भरकर लाना पड़ रहा है, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।
कॉलोनी की महिलाओं ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि संबंधित विभाग की लापरवाही के चलते वर्षों से समस्या जस की तस बनी हुई है। उनका कहना है कि 15 साल से ट्यूबवेल ठप पड़ा है, लेकिन न तो उसकी मरम्मत कराई गई और न ही किसी ऑपरेटर की तैनाती की गई।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने मांग की है कि जल्द से जल्द ट्यूबवेल को चालू कराया जाए, नियमित ऑपरेटर की नियुक्ति हो और कॉलोनी में सुचारु जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए।
अब देखना यह है कि प्रशासन कब तक इस गंभीर समस्या का समाधान करता है और कांशीराम कॉलोनीवासियों को पानी की राहत मिल पाती है या नहीं।
