A2Z सभी खबर सभी जिले कीउत्तर प्रदेशहमीरपुर

हमीरपुर में विकास कार्यों व कानून व्यवस्था की समीक्षा, प्रभारी मंत्री ने दिए सख्त निर्देश

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट

हमीरपुर। कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में मा. राज्य मंत्री (जलशक्ति विभाग) एवं जनपद के प्रभारी मंत्री रामकेश निषाद की अध्यक्षता में जनपद के विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष जयन्ती राजपूत, सदर विधायक डॉ मनोज कुमार प्रजापति, राठ विधायक मनीषा अनुरागी, भाजपा जिलाध्यक्ष शकुन्तला निषाद सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

बैठक में अन्ना पशुओं की समस्या, उर्वरक की उपलब्धता, विकास कार्यों की वित्तीय व भौतिक प्रगति, विद्युत आपूर्ति, सड़कों की गड्डामुक्ति, राजकीय नलकूपों के संचालन, स्वास्थ्य सेवाओं, कानून व्यवस्था, गौशालाओं की स्थिति, कृषि व समाज कल्याण योजनाओं के क्रियान्वयन आदि बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।

प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। अवैध वसूली में लिप्त जेई व लाइनमैनों पर कड़ी कार्रवाई हो। स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाते हुए स्थानीय स्तर पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए तथा डॉक्टर बाहरी दवाएं न लिखें। आवश्यक जांचें जिला अस्पताल में ही कराई जाएं।

उन्होंने हर घर जल योजना के तहत सभी संयोजित घरों तक नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने, गौशालाओं में गौवंशों के बेहतर संरक्षण और छुट्टा पशुओं पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए। किसानों को वन गायों की समस्या से राहत दिलाने के लिए तैयार कार्ययोजना को सख्ती से लागू करने को कहा।

कानून व्यवस्था पर जोर देते हुए प्रभारी मंत्री ने महिला अपराधों पर अंकुश, यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने, अवैध कारोबार में लिप्त गिरोहों पर कठोर कार्रवाई, ओवरलोडिंग व अवैध परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए। आगामी होली पर्व के मद्देनजर अवैध शराब के निर्माण, बिक्री व परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने को कहा।

उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि राजकीय नलकूपों का नियमित संचालन हो ताकि सिंचाई प्रभावित न हो। आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे शिकायतकर्ता संतुष्ट हो।

बैठक में जिलाधिकारी घनश्याम मीना, पुलिस अधीक्षक डॉ दीक्षा शर्मा, नगर पालिका चेयरमैन कुलदीप निषाद, सांसद प्रतिनिधि अशोक तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राकेश कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रिजवाना शाहिद सहित जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!