

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
सुमेरपुर हमीरपुर । पत्योरा खदान बालू लादने जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े दो युवकों को कुचल दिया। एक युवक की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को उपचार के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ग्राम पंचायत पत्योरा के मजरा शिवरामपुर डेरा निवासी शिवरतन 18 वर्ष पुत्र शिवनरायन निषाद गांव निवासी अपने दोस्त ध्रुव कुमार 20 वर्ष पुत्र रामखिलावन निषाद के साथ नहर के पास मोड में सड़क किनारे बाइक खड़ी कर बतिया रहे थे। तभी खदान जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों को रौंद दिया। इस घटना में शिवरतन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि ध्रुव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। इसको एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिये सदर अस्पताल भेजा गया है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेजा गया है। मृतक तीन बहनों और दो भाइयों में छोटा था और मुंबई में रहकर मजदूरी करता था। मुंबई से एक सप्ताह पूर्व वह गांव लौटा था। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। पिता शिवनरायन, मां भूरी, भाई रमाशंकर निषाद का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। ग्राम प्रधान अरविंद निषाद ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया है।