

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा (हमीरपुर)। फरवरी माह में मिले खराब राशन को लेकर लगभग एक दर्जन महिलाएं उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंच गईं। महिलाओं का आरोप है कि कोटेदार शिवकुमार पाठक द्वारा दिया गया ज्वार खाने योग्य नहीं था, गेहूं में फफूंदी लगी हुई थी और फरवरी माह का चावल भी नहीं दिया गया।
कस्बे के मोहल्ला निजामीपुरा कांशीराम कॉलोनी की महिलाओं ने बताया कि शिकायत करने पर कोटेदार द्वारा उनसे अभद्र व्यवहार किया गया। एसडीएम न्यायालयीन कार्य में व्यस्त होने के कारण महिलाएं कार्यालय के बाहर ही बैठकर नारेबाजी करने लगीं और जांच कर कार्रवाई की मांग की।
महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुनवाई नहीं हुई तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगी।
