
*हरदोई में लिफ्ट देकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 3 गिरफ्तार
*
हरदोई। पुलिस ने लिफ्ट देकर ठगी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का राजफाश कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इन लोगों ने डीएम चौराहा और सांडी में घटना को अंजाम दिया था। गिरफ्तार आरोपित कौशांबी, शाहजहांपुर और फर्रुखाबाद के रहने वाले हैं।
पुलिस के अनुसार, बेहटागोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम कुंवरपुर निवासी बाबूराम शर्मा 16 फरवरी की शाम डीएम चौराहे पर वाहन का इंतजार कर रहे थे। तभी एक कार सवार वहां आया और बेहटागोकुल चलने की बात कहकर उन्हें बैठा लिया। शहर से बाहर निकलते ही चालक ने स्वयं को सरकारी वाहन बता कर कहा कि आगे चेकिंग चल रही है, यदि पास में रुपये हों तो लिफाफे में रख दें।
बाबूराम ने भरोसा कर 20 हजार रुपये लिफाफे में रख दिए। पिहानी चुंगी के आगे उन्हें उतारकर आरोपित फरार हो गए। बाद में लिफाफा खोलने पर रुपये गायब मिले। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले और एसओजी व स्वाट सर्विलांस टीम की मदद से आरोपितों तक पहुंची।
फर्रुखाबाद के राजेपुर के ग्राम तेराखास निवासी अनूप, कौशांबी के सराय अकिल क्षेत्र के ग्राम भकंदा निवासी श्रीराम उर्फ श्रीनाथ तथा शाहजहांपुर के गदियाना मुहल्ला निवासी रामकृपाल को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने उनके पास से 23 हजार रुपये, तीन मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है। कोतवाल हरिनाथ यादव ने बताया कि आरोपितों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपितों ने लिफ्ट देने के बहाने लोगों को ठगने का गिरोह बना रखा था। वे लोगों को अपना शिकार बनाने के लिए नए-नए तरीके अपनाते थे।
