A2Z सभी खबर सभी जिले की

*हिन्दू महासभा ने नवागत पुलिस अधीक्षक का किया स्वागत, सौंपा ज्ञापन*

रिपोर्टर:- अमित दीक्षित

 

पीलीभीत। जनपद की कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं सामाजिक मर्यादा से जुड़े विभिन्न जनहित मुद्दों को लेकर अखिल भारत हिन्दू महासभा की ओर से पुलिस अधीक्षक कार्यालय में विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया। जिलाध्यक्ष पं. पंकज शर्मा के नेतृत्व में संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को नवागत पुलिस अधीक्षक से शिष्टाचार भेंट कर उनका औपचारिक स्वागत भी किया। इस अवसर पर उन्हें गुलदस्ता एवं शिव दरबार की तस्वीर भेंट कर जिले में उन्हें उनके सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल की अग्रिम शुभकामनाएं दी गईं।

Related Articles

ज्ञापन में कहा गया कि संगठन को नागरिकों से प्राप्त शिकायतों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए निरीक्षण के आधार पर जिले में कुछ ऐसी व्यवस्थागत कमियां सामने आई हैं, जिन पर तत्काल ध्यान दिया जाना आवश्यक है। संगठन ने अवगत कराया कि शहर के विभिन्न रेस्टोरेंटों में बंद कैविन संचालित किए जाने की शिकायतें मिल रही हैं, जिनमें संदिग्ध गतिविधियों की आशंका व्यक्त की जा रही है। ऐसे प्रतिष्ठानों की सिविल ड्रेस में पुलिस टीम द्वारा जांच कर अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की गई। इसके अतिरिक्त प्रमुख बाजारों और चौराहों पर अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों के कारण आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न होने पर चिंता व्यक्त की गई। संगठन ने यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए नियमित अभियान चलाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता पर बल दिया। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि हाल ही में भर्ती हुए कुछ पुलिस कर्मियों के व्यवहार को लेकर आम नागरिकों में असंतोष की शिकायतें सामने आई हैं। पुलिस विभाग जनता के विश्वास का प्रतीक है, इसलिए सभी कर्मियों को विनम्र, संयमित एवं सहयोगात्मक व्यवहार के निर्देश देने तथा आवश्यकता पड़ने पर व्यवहारिक प्रशिक्षण आयोजित करने का अनुरोध किया गया।

साथ ही यह भी कहा गया कि पूर्व में विभिन्न मोहल्लों एवं गलियों में नियमित रूप से होने वाली रात्रि गश्त वर्तमान में शिथिल प्रतीत हो रही है, जिससे असामाजिक तत्व सक्रिय हो सकते हैं। संगठन ने रात्रि गश्त को पुनः प्रभावी ढंग से प्रारंभ करने की मांग की। ज्ञापन में रात्रि के समय सार्वजनिक स्थानों, विशेषकर ठेलों के आसपास खुलेआम शराब सेवन तथा शराब पीकर वाहन चलाने की घटनाओं पर भी चिंता जताते हुए सघन अभियान चलाकर कठोर वैधानिक कार्रवाई की अपेक्षा की गई।

जिलाध्यक्ष पं. पंकज शर्मा ने कहा कि संगठन का उद्देश्य प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर जनपद में शांति, सुरक्षा और सुव्यवस्था को सुदृढ़ करना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नवागत पुलिस अधीक्षक जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करेंगे। इस दौरान संगठन के जिलाध्यक्ष पं. पंकज शर्मा, जिला महामंत्री मयंक जायसवाल, युवा जिलाध्यक्ष गौरव शर्मा, युवा जिला महामंत्री आयुष सक्सेना, नगर अध्यक्ष सुनील कश्यप, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष सर्वेश कश्यप, जिला उपाध्यक्ष अमन संजोग, युवा वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रकाश अग्निहोत्री, युवा जिला उपाध्यक्ष राहुल राठौर, दीपक रस्तोगी, वीरेंद्र कुमार, प्रतीक ठाकरे, अनूप शर्मा आदि सहित कई कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!