

संवाददाता- बलराम निषाद
अखंड भारत न्यूज़ बस्ती
बस्ती – वरिष्ठ उपनिरीक्षक अजय कुमार गौड़ के असामयिक निधन से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। इस दुःखद अवसर पर पुलिस लाइन बस्ती में शोक सभा का आयोजन किया गया, जहां पूरे परिसर में गमगीन माहौल देखने को मिला।
शोक सभा के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत अधिकारी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने एकजुट होकर अपने प्रिय साथी को शोक सलामी दी।
अपर पुलिस अधीक्षक बस्ती ने दिवंगत उपनिरीक्षक के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर अंतिम सम्मान दिया। क्षेत्राधिकारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी इस भावुक क्षण के साक्षी बने।
पुलिस लाइन परिसर में मौजूद हर आंख नम थी। साथी जवान अपने कर्तव्यनिष्ठ, सरल और कर्मठ अधिकारी को याद कर भावुक हो उठे। अधिकारियों ने शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
पुलिस विभाग ने दिवंगत वरिष्ठ उपनिरीक्षक अजय कुमार गौड़ के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि उनका योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता।
शोक सभा में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि दिवंगत वरिष्ठ उपनिरीक्षक अजय कुमार गौड़ परशुरामपुर थाने में तैनात थे।