
*धरती माता बचाओ अभियान: अनुभाग स्तरीय निगरानी समिति की बैठक सम्पन्न*
*संतुलित उर्वरक उपयोग और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर*
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुर्णा – कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशानुसार कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में धरती माता बचाओ अभियान के अंतर्गत अनुभाग स्तरीय निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संतुलित उर्वरक उपयोग, प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन तथा आगामी कृषि मौसम हेतु उर्वरकों के भंडारण लक्ष्य निर्धारण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता अपर कलेक्टर (एडीएम) श्रीमती अलका एक्का ने की। उन्होंने कहा कि धरती माता बचाओ अभियान का उद्देश्य मिट्टी की उर्वरता बनाए रखना और किसानों को वैज्ञानिक एवं पर्यावरण हितैषी खेती की दिशा में प्रेरित करना है।
बैठक में अधिकारियों द्वारा अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा किसानों को जागरूक करने का संकल्प लिया गया। साथ ही कृषि विभाग एवं संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया कि उर्वरक वितरण एवं भंडारण की व्यवस्था समय पर सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

अधिकारियों ने कहा कि संतुलित उर्वरक उपयोग से जहां उत्पादन बढ़ेगा, वहीं भूमि की गुणवत्ता भी सुरक्षित रहेगी। प्राकृतिक खेती अपनाकर किसानों की लागत घटेगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बल मिलेगा।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।