A2Z सभी खबर सभी जिले की

निर्वाचन कार्य में उत्कृष्ट योगदान देने वाले बीएलओ, पुलिसकर्मी एवं कोषांगों के पदाधिकारी हुए सम्मानित

जमशेदपुर।

राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जिला निर्वाचन कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम के तत्वावधान में रविन्द्र भवन, साकची में भव्य जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री कर्ण सत्यार्थी ने की।

इस अवसर पर उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री कर्ण सत्यार्थी ने अपने संबोधन में कहा कि निर्वाचन एक सतत एवं लोकतंत्र की आधारशिला को मजबूत करने वाली प्रक्रिया है। निर्वाचन की सफलता दो महत्वपूर्ण पहलुओं पर निर्भर करती है—

पहला, चुनाव की घोषणा के उपरांत प्रशासन एवं पुलिस तंत्र द्वारा निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से चुनाव संपन्न कराना;

Related Articles

दूसरा और सबसे अहम पहलू, जमीनी स्तर पर कार्यरत बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) द्वारा वर्षभर मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाए रखने हेतु विपरीत परिस्थितियों में निरंतर किया जाने वाला समर्पित कार्य। बीएलओ का योगदान लोकतांत्रिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने में अत्यंत सराहनीय है।

उन्होंने घाटशिला उपचुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में योगदान देने वाले विभिन्न कोषांगों के पदाधिकारियों, उत्कृष्ट कर्मियों, पुलिसकर्मियों, बीएलओ, पर्यवेक्षकों, पीडब्ल्यूडी आइकॉन तथा वरिष्ठ मतदाताओं को सम्मानित किया। साथ ही इस अवसर पर नव पंजीकृत मतदाताओं को मतदाता पहचान पत्र भी वितरित किए गए।

मतदान में जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उपायुक्त द्वारा मतदाता शपथ दिलाई गई, गुब्बारे उड़ाकर लोकतंत्र के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया तथा साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर नागरिकों से जिम्मेदार मतदाता के रूप में मतदान प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक श्री पीयूष पांडेय, उप विकास आयुक्त श्री नागेंद्र पासवान सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में बीएलओ उपस्थित रहे।

Anand Kishor

Bureau Chief – Akhand Bharat News

All India Media Association (AIMA)

 

Show More

ANAND KISHOR JAMSHEDPUR JHARKHAND

सेवा परमो धर्म:
Back to top button
error: Content is protected !!