A2Z सभी खबर सभी जिले की

उपायुक्त ने राजस्व वसूली में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति के दिए सख्त निर्देश, अतिक्रमण पर होगी विधि-सम्मत कार्रवाई

जमशेदपुर | 22 जनवरी 2026

पूर्वी सिंहभूम जिले में राजस्व संग्रहण, भू-अर्जन, नीलाम पत्र एवं टाटा लीज भूमि अतिक्रमण से संबंधित कार्यों की गहन समीक्षा उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में आयोजित बैठक में की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी विभाग चालू वित्तीय वर्ष में निर्धारित राजस्व लक्ष्य का शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करें।

समीक्षा के दौरान जिन विभागों की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई गई, उन्हें ठोस कार्ययोजना तैयार कर राजस्व वसूली में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने आंतरिक संसाधनों के बेहतर उपयोग, करदाताओं के ऑडिट, फील्ड निरीक्षण, बकायेदारों पर कार्रवाई एवं डेटा एनालिटिक्स के माध्यम से वास्तविक राजस्व संग्रहण पर विशेष बल दिया।

राज्य कर विभाग के अंतर्गत अर्बन सर्किल में 65 प्रतिशत, जमशेदपुर सर्किल में 53.19 प्रतिशत तथा सिंहभूम सर्किल में 52.85 प्रतिशत राजस्व वसूली की जानकारी दी गई। खनन विभाग की समीक्षा में अब तक मात्र 35 प्रतिशत उपलब्धि पर उपायुक्त ने नाराजगी जताते हुए राजस्व बढ़ाने हेतु स्पष्ट कार्ययोजना प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।

Related Articles

उत्पाद विभाग द्वारा 80 प्रतिशत राजस्व संग्रहण किए जाने पर शेष लक्ष्य जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया गया। पंजीयन कार्यालयों की समीक्षा में जमशेदपुर सब-रजिस्ट्रार कार्यालय द्वारा 66.20 प्रतिशत तथा घाटशिला द्वारा शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया गया है। अपर उपायुक्त ने सरकारी भूमि की रजिस्ट्री में किसी भी प्रकार की अनियमितता न होने देने के निर्देश दिए।

परिवहन विभाग ने 94 प्रतिशत, जबकि जेएनएसी, मानगो नगर निगम, जुगसलाई एवं चाकुलिया नगर परिषदों द्वारा औसतन 65 प्रतिशत से अधिक राजस्व वसूली की गई है। बिजली विभाग के मानगो व जमशेदपुर प्रमंडल ने शत-प्रतिशत तथा घाटशिला प्रमंडल ने 97 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर लिया है।

नीलाम पत्र की समीक्षा में लंबित मामलों में नोटिस जारी करने, कुर्की, वारंट एवं नीलामी की प्रक्रिया अपनाकर बकाया वसूली के निर्देश दिए गए। भू-अर्जन की समीक्षा में राष्ट्रीय व राजकीय राजमार्ग परियोजनाओं से जुड़ी भूमि अधिग्रहण एवं मुआवजा भुगतान, ड्रेन व यूटिलिटी शिफ्टिंग, वनभूमि एनओसी तथा भौतिक सत्यापन पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

टाटा लीज भूमि अतिक्रमण की समीक्षा में उपायुक्त ने सड़क, मुख्य चौक-चौराहों एवं हाट-बाजार क्षेत्रों में अतिक्रमण कर यातायात बाधित करने वालों के विरुद्ध कठोर एवं विधि-सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा माननीय उच्च न्यायालय, झारखंड, रांची के आदेशों का सख्ती से अनुपालन करने का निर्देश दिया।

बैठक में निदेशक एनईपी सह अपर उपायुक्त, उप नगर आयुक्त जेएनएसी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, एसडीओ घाटशिला, पथ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, सभी अंचलाधिकारी, एनएचएआई, टाटा स्टील, रेलवे के प्रतिनिधि सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

— आनंद किशोर

ब्यूरो चीफ, अखंड भारत न्यूज़

ऑल इंडिया मीडिया एसोसिएशन (AIMA)

 

Show More

ANAND KISHOR JAMSHEDPUR JHARKHAND

सेवा परमो धर्म:
Back to top button
error: Content is protected !!