A2Z सभी खबर सभी जिले की

सड़क सुरक्षा माह 2026: उपायुक्त ने प्रेस वार्ता में गिनाईं उपलब्धियाँ, नागरिकों से सुरक्षित ड्राइविंग की अपील

जमशेदपुर | 17 जनवरी 2026

जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने एवं नागरिकों को सुरक्षित सड़क व्यवहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक सड़क सुरक्षा माह का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में उपायुक्त ने सड़क सुरक्षा माह के तहत आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जनवरी माह में संचालित विभिन्न जागरूकता एवं प्रवर्तन गतिविधियों की विस्तृत जानकारी साझा की।

उपायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि सड़क का उपयोग करने वाले प्रत्येक नागरिक, प्रवर्तन एजेंसियों एवं समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। सुरक्षित ड्राइविंग व्यवहार अपनाकर अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।

उन्होंने बताया कि 01 जनवरी 2026 को सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। 02 जनवरी को यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को गुलाब फूल व माला पहनाकर प्रतीकात्मक रूप से जागरूक किया गया।

Related Articles

03 जनवरी को मानगो बस स्टैंड एवं साकची मिनी बस स्टैंड में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। 04 जनवरी को ढाबों एवं शराब दुकानों के समीप विशेष जांच अभियान चलाया गया। 05 जनवरी को सभी सरकारी कार्यालयों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई।

06 जनवरी को पोटका एवं पटमदा क्षेत्रों में ओवरलोडिंग, खतरनाक ड्राइविंग एवं गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाया गया। वहीं 07 एवं 16 जनवरी को राष्ट्रीय राजमार्ग, ग्रामीण एवं शहरी सड़कों पर कैट्स आई, रंबल स्ट्रिप्स, स्ट्रीट लाइट मेंटेनेंस एवं गड्ढों की मरम्मति जैसे सुधारात्मक कार्य किए गए।

08 जनवरी को पोटका थाना एवं पुटरू टोल प्लाजा के समीप सहायता मंच के माध्यम से नेक नागरिक जागरूकता अभियान चलाया गया। 09 जनवरी को टीआरएफ कंपनी एवं नुवाको सीमेंट प्लांट के समीप गुड सेमेरिटन स्कीम एवं हिट एंड रन मुआवजा सहायता शिविर का आयोजन किया गया।

10 जनवरी को घाटशिला, बहारागोड़ा एवं चाकुलिया के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। 11 जनवरी को रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप इंस्टॉलेशन को लेकर अभियान चलाया गया।

12 जनवरी को बारीडीह चौक एवं बिरसा मुंडा गोलचक्कर, बिरसानगर में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजन को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया गया।

13 जनवरी को डिमना पार्किंग एवं मानगो मध्य विद्यालय, चेपापुल में स्कूली छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा की जानकारी दी गई। 14 जनवरी को बर्मामाइंस में नुक्कड़ नाटक एवं नारगा ग्रामीण क्षेत्र में क्रिकेट टूर्नामेंट के माध्यम से जागरूकता फैलाई गई। 15 जनवरी को बोड़ाम प्रखंड में विशेष दूतों के माध्यम से सड़क सुरक्षा अभियान चलाया गया।

प्रेस वार्ता के दौरान उपायुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें, तेज गति से वाहन न चलाएं, नशे की हालत में ड्राइविंग से बचें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट एवं चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य प्रयोग करें तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें।

उन्होंने कहा कि ड्राइविंग व्यवहार में किया गया एक छोटा सा सकारात्मक बदलाव भी किसी बहुमूल्य जीवन को बचा सकता है।

सड़क दुर्घटनाओं, चोटों एवं मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी लाने के लिए जनसहभागिता एवं सामूहिक प्रयास को आवश्यक बताते हुए उपायुक्त ने सभी से सड़क सुरक्षा अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।

आनंद किशोर

ब्यूरो चीफ, अखंड भारत न्यूज़

ऑल इंडिया मीडिया एसोसिएशन

 

Show More

ANAND KISHOR JAMSHEDPUR JHARKHAND

सेवा परमो धर्म:
Back to top button
error: Content is protected !!