
जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम):
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह–2026 के शुभारंभ के अवसर पर जिलेवासियों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से समाहरणालय परिसर से उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर निदेशक एनईपी, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ), मोटरयान निरीक्षक (एमवीआई) सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
उपायुक्त श्री सत्यार्थी ने कहा कि जागरूकता रथ का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को यातायात नियमों के पालन हेतु प्रेरित करना है। सड़क सुरक्षा माह के दौरान जिलेभर में विविध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और जानमाल की क्षति को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिनकी सफलता नागरिकों की सहभागिता और नियमों के पालन पर निर्भर करती है।
सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत रैली, नुक्कड़ नाटक, निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता, सघन वाहन जांच सहित कई जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इस अभियान में शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस सहित विभिन्न विभागों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। ग्रामीण, शहरी एवं पंचायत स्तर पर विशेष रूप से स्कूल के बच्चों के बीच भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अभियान से जन-जन को जोड़ा जा सके।
जागरूकता रथ के माध्यम से ऑडियो क्लिप के जरिए यातायात नियमों के सही अनुपालन से संबंधित संदेशों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। यह रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग, दुपहिया वाहन पर दोनों सवारों के लिए हेलमेट की अनिवार्यता, नशे की हालत में वाहन न चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा अनावश्यक ओवरटेक से बचने के लिए लोगों को जागरूक करेगा। उपायुक्त ने नागरिकों से अपील की कि सड़क सुरक्षा को अपनी जिम्मेदारी समझें और यातायात नियमों का पालन कर स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
पूर्वी सिंहभूम
ऑल इंडिया मीडिया एसोसिएशन (AIMA)
अखंड भारत न्यूज़
(ब्यूरो चीफ – आनंद किशोर)

