

रिपोर्टर राजकुमार हमीरपुर अखंड भारत
मुस्कुरा हमीरपुर।फसल बर्बाद करने से रोकने पर एक दबंग द्वारा किसान के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दबंग ने न सिर्फ किसान को पीटा, बल्कि उसकी चोटी भी उखाड़ दी। पीड़ित किसान की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुस्करा थाना क्षेत्र के मिहुंना गांव निवासी अजय तिवारी ने बताया कि 17 दिसंबर, बुधवार की शाम वह अपने खेत की देखरेख के लिए गया था। इसी दौरान गांव का ही रज्जू निषाद उसकी फसल को नुकसान पहुंचा रहा था। जब अजय ने रज्जू से फसल बर्बाद न करने की बात कही तो वह विवाद करने लगा।
आरोप है कि रज्जू निषाद ने अपनी पुत्री और बहू के साथ मिलकर किसान के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान रज्जू ने अजय तिवारी की चोटी भी उखाड़ दी, जिससे उसे गंभीर अपमान और चोट पहुंची।
घटना के बाद पीड़ित किसान ने मुस्करा थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई। थानाध्यक्ष योगेश तिवारी ने बताया कि किसान की तहरीर के आधार पर मारपीट, गाली-गलौज समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।