A2Z सभी खबर सभी जिले कीUncategorizedअन्य खबरे

नई पीढ़ी से जुड़ी भारत की आध्यात्मिक विरासत

विद्योदय में देवभूमि भारत थीम पर आधारित वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन



रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597

मनावर। जिला धार।। विद्योदय इंटरनेशनल स्कूल में 15 दिसंबर 2025 को “देवभूमि भारत” थीम पर आधारित वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। णमोकार मंत्र मंगलाचरण, मां सरस्वती को पुष्पार्पण, और दीप प्रज्वलन के साथ भव्य कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

मुख्य अतिथि प्रमोद सिंह गुर्जर (एसडीएम, मनावर) और विशिष्ट अतिथि विजय छाबड़ा (यूनिट हेड UTCL, टोंकी) की गरिमामय उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भारत की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा, देव-देवियों की महिमा और सनातन संस्कृति को सजीव रूप से मंच पर प्रस्तुत किया।

स्वागत भाषण संस्था निदेशक विपुल गंगवाल द्वारा प्रेषित किया गया एवं घोषणा की गयी कि इस वर्ष विद्यार्थियों के लिए एक विशाल खेल का मैदान तैयार किया गया है, जहां क्रिकेट, फुटबाल, लॉन टेनिस, एथलेटिक्स आदि खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही विद्योदय स्पोर्ट्स अकादमी की स्थापना की जा रही है, जहां सुबह 6 से 9 बजे व दोपहर में 3 से 7 बजे तक अन्य नागरिक भी विशेष खेल प्रशिक्षकों से प्रशिक्षण का लाभ ले सकेंगे।

मुख्य अतिथि ने संबोधन में कहा कि “देवभूमि भारत जैसी थीम नई पीढ़ी को गौरवशाली आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का विकास करते हैं।”

इस अवसर पर कक्षा 10वीं और 12वीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों तथा शत-प्रतिशत उपस्थिति रखने वाले छात्रों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया गया।

प्रधानाचार्य हेमंत भैरम ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए कहा कि “शिक्षा का उद्देश्य केवल बौद्धिक विकास नहीं, बल्कि संस्कारी नागरिकों का निर्माण भी है।”

विद्यालय के निदेशक मंडल – डॉ. नीलेश रावका, विवेक बड़जात्या, आशीष गंगवाल, विपुल गंगवाल, नितिन नामदेव, सीए आयुष जैन और सीए श्याम गुप्ता की उपस्थिति में संपन्न यह कार्यक्रम सांस्कृतिक उत्कृष्टता का उदाहरण बना। उप प्रधानाचार्य कांतिलाल बर्फा ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!