
हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा हमीरपुर।तहसील परिसर स्थित सभागार भवन में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की भीड़ उमड़ी। कुल 68 शिकायतें दर्ज की गईं, लेकिन मौके पर केवल आठ मामलों का ही निस्तारण हो सका। अधिकांश शिकायतों का समाधान न होने से फरियादियों में नाराजगी दिखाई दी।
समाधान दिवस की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी करनवीर सिंह ने की। इस दौरान भूमि कब्जा, पेयजल संकट और पुलिस से जुड़े मामले सबसे अधिक पहुंचे। ग्राम खंडेह के एक दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने गांव में पेयजल समस्या बताते हुए जल्द समाधान की मांग की।मोहल्ला रागौल निवासी रुखसार बानो पत्नी नईमुद्दीन ने शिकायत करते हुए बताया कि दबंगों ने उनकी कृषि भूमि पर कब्जा कर रखा है। कई बार शिकायत करने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। वहीं बिहुनी कला निवासी चंद्र प्रकाश ने आरोप लगाया कि खेत तक जाने वाले चकरोड पर दबंगों ने कब्जा कर लिया है, जिससे आवागमन प्रभावित है।पिपरौदा निवासी ओम बाबू ने बताया कि करीब पखवारे भर पहले आए आंधी-तूफान में खेत में लगा ट्रांसफार्मर फुंक गया था, जिससे सिंचाई कार्य प्रभावित है। उन्होंने नया ट्रांसफार्मर लगवाने की मांग की।
ग्राम परसदवा डेरा के ग्रामीणों ने छानी से डेरा तक हो रहे खरंजा निर्माण कार्य को दो माह से बंद बताए जाने की शिकायत की। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराने और गुणवत्ता की जांच कराने की मांग उठाई। हालांकि उप जिलाधिकारी ने उन्हें इस संबंध में सीडीओ से मिलने की सलाह दी।
अन्य फरियादियों ने भी अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रखीं और त्वरित निस्तारण की मांग की। इस मौके पर तहसीलदार शिखर मिश्रा, क्षेत्राधिकारी राजकुमार पांडेय समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


