A2Z सभी खबर सभी जिले कीUncategorizedअन्य खबरे

बोरी में भरी लाश मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

बोरी में भरी लाश मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

संवाददाता:प्रभाकर मिश्र 

कौशाम्बी। थाना सराय अकिल क्षेत्र के कनैली चौकी अंतर्गत मवईया गांव के समीप एक बोरी में भरी अज्ञात व्यक्ति की लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ एकत्र हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार सुबह कुछ ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे पड़ी एक संदिग्ध बोरी पर उनकी नजर पड़ी। बोरी से तेज दुर्गंध आने पर ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई और तत्काल इसकी सूचना कनैली चौकी पुलिस को दी गई।

Related Articles

सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और बोरी को खुलवाया गया, जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल को घेराबंदी कर सुरक्षित किया और उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने आवश्यक साक्ष्य संकलन किया। प्रारंभिक जांच में शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। शव पर चोट के निशान होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे हत्या की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों के आधार पर शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही, घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

घटना की सूचना पर सीओ चायल अभिषेक सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

इस घटना के बाद से मवईया गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!