

।। बस्ती- सोशल मीडिया पर बेबुनियाद पोस्ट को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता का पुलिस से शिकायत , कार्रवाई की मांग।।
सोनहा थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर की गई एक अपमानजनक पोस्ट को लेकर स्थानीय थाने पर शिकायत दर्ज कराई गई है। सामाजिक कार्यकर्ता मनोज कुमार चौधरी ने प्रभारी निरीक्षक सोनहा को प्रार्थना-पत्र देकर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
मनोज चौधरी का आरोप है कि आनंद गौतम नामक व्यक्ति ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर उनके विरुद्ध झूठे, तथ्यहीन एवं मानहानिकारक आरोपों से भरी पोस्ट प्रसारित की है। इस पोस्ट में भूमि कब्ज़े, अवैध गतिविधियों तथा प्रशासनिक संरक्षण जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जिन्हें मनोज चौधरी ने पूरी तरह निराधार और दुर्भावनापूर्ण बताया।
प्रार्थना-पत्र में कहा गया है कि यह पोस्ट न केवल उनकी सामाजिक एवं राजनीतिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुँचाने वाली है, बल्कि आमजन में भ्रम फैलाने और शांति व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव डालने वाली भी है। मनोज चौधरी ने थाना प्रभारी से आईटी एक्ट एवं भारतीय दंड संहिता की प्रासंगिक धाराओं में अभियोग पंजीकृत करने, भ्रामक पोस्ट हटवाने तथा भविष्य में इस प्रकार की फर्जी एवं भड़काऊ सामग्री प्रसारित होने से रोकने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
थाना पुलिस ने मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। इस मामले में पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता की प्रार्थनापत्र का संज्ञान लिया गया है । पोस्ट करने वाले व्यक्ति को पूछताछ के लिए थाने पर बुलाया गया है आगे आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।