
बानसूर में नई डीएसपी मेघा गोयल ने बुधवार को अपना पदभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालते ही उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं और आमजन से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की पुलिस से जुड़ी समस्या या शिकायत होने पर बेझिझक पुलिस से संपर्क करें।

डीएसपी मेघा गोयल ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधियों पर कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि जनता के बीच विश्वास कायम करना भी है। उन्होंने बताया कि पुलिस और जनता के बीच समन्वय मजबूत होने पर ही अपराधों में कमी लाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द को बनाए रखना भी उनकी प्राथमिकता रहेगी।
बानसूर डीएसपी कार्यालय खुलने के बाद पहली बार किसी महिला अधिकारी को इस पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने आशा जताई है कि एक महिला अधिकारी के आने से महिलाओं से जुड़ी शिकायतों के समाधान में और तेजी आएगी।
कार्यभार ग्रहण के अवसर पर पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। लोगों ने डीएसपी मेघा गोयल का स्वागत किया और उनके नेतृत्व में पुलिस विभाग के बेहतर कामकाज की उम्मीद जताई।