

रिपोर्टर राजकुमार हमीरपुर अखंड भारत
राठ हमीरपुर। राठ कस्बे में रविवार सुबह एक गल्ला व्यापारी से 1 लाख 42 हजार रुपये से भरा बैग छीनकर बदमाश फरार हो गए। यह घटना कोतवाली गेट के पास उस समय हुई, जब व्यापारी अपनी दुकान का शटर खोल रहे थे।
औंडेरा रोड निवासी गल्ला व्यापारी सुधीर गुप्ता पुत्र रमाशंकर ने बताया कि वह रोज की तरह सुबह दुकान खोलने पहुंचे थे। उन्होंने रुपये से भरा बैग पास में रखा ही था कि इसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाश मौके पर आ धमके और पलक झपकते ही बैग उठाकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए।
घटना के बाद आसपास के लोग शोर मचाते रह गए, लेकिन बदमाश तब तक ओझल हो चुके थे। पीड़ित व्यापारी ने तत्काल राठ कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
मामले की जानकारी पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही वारदात का खुलासा करने का आश्वासन दिया गया है।