A2Z सभी खबर सभी जिले की

कामवन स्थित मन्दिर विमल बिहारी में हुआ भव्य अन्नकूट का आयोजन

कामवन स्थित मन्दिर विमल बिहारी में हुआ भव्य अन्नकूट का आयोजन

रिपोर्टर मनमोहन गुप्ता कामां डीग 9783029649

Related Articles

कामां – कामवन धाम कामां तीर्थराज विमलकुण्ड विराजित विमल बिहारी मन्दिर पर भव्य अन्नकूट का आयोजन हुआ तथा प्रसाद पारंपरिक तरीके से तैयार कर भगवान को अर्पित किया गया।
अन्नकूट पूजा हिंदू धर्म का एक खास और पवित्र त्योहार है। यह दीपावली के अगले दिन गोवर्धन पूजा के साथ मनाया जाता है। इस दिन भगवान कृष्ण को तरह-तरह के पकवानों का भोग चढ़ाया जाता है, जो अन्नकूट यानी भोजन के पहाड़ का प्रतीक है। ऐसे कुल 56 पकवानों का भोग भगवान श्रीकृष्ण को लगाया जाता है। यह त्योहार कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को मनाया जाता है।
यह त्योहार अहंकार पर भक्ति की जीत का प्रतीक है ।श्रीकृष्ण ने इन्द्र का मान मर्दन किया।
खासकर ब्रज क्षेत्र में यह उत्सव बड़े धूमधाम से मनाया जाता है, जहां मंदिरों में सैकड़ों तरह के पकवान चढ़ाए जाते हैं। मन्दिर क़े सेवाअधिकारी संजय लवानिया ने गोवर्धन पूजा का माहात्म्य सुनाते हुए क़हा कि
अन्नकूट पूजा की कहानी श्रीमद्भागवत पुराण और विष्णु पुराण से जुड़ी है। द्वापर युग में वृंदावन के लोग हर साल इंद्र देव की पूजा करते थे ताकि बारिश अच्छी हो और फसलें लहलहाएं। एक दिन भगवान श्रीकृष्ण ने उन्हें समझाया कि इंद्र की बजाय गोवर्धन पर्वत की पूजा करनी चाहिए, क्योंकि वही गायों को चारा, पानी और छांव देता है। ब्रजवासियों ने कृष्ण की बात मानी और गोवर्धन की पूजा शुरू की। इससे इंद्र क्रोधित हो गए और उन्होंने सात दिन तक भयंकर बारिश कर दी। कृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों और गायों को बचा लिया।
सातवें दिन इंद्र को अपनी गलती का एहसास हुआ और उन्होंने बारिश रोककर कृष्ण से माफी मांगी। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण 7 दिनों तक भूखे रहे। इस पर ब्रजवासियों ने माता यशोदा से पूछा कि वे श्रीकृष्ण को कब-कब और क्या खिलाती थी। उन्होंने बताया कि वे कृष्ण को हर दिन में 8 बार अलग-अलग पकवान खिलाती थीं। इस पर ब्रजवासियों ने 7 दिन के हिसाब से 8-8 पकवान मतलब कुल 56 प्रकार के पकवानों का भोग भगवान श्रीकृष्ण को लगाया। उस दिन से गोवर्धन पूजा के साथ ही भगवान श्रीकृष्ण को 56 भोग लगाया जाता है।
अन्नकूट पूजा के लिए गाय क़े गोबर से गोवर्धन पर्वत का एक प्रतीक बनाकर उन्हें फूल, पत्तियों और छोटे पत्थरों से सजाया जाता है । इसके बाद तरह-तरह के 56 प्रकार के पकवान जैसे चावल, दाल, सब्जियां, खीर, गुलाब जामुन, फल और नमकीन आदि तैयार करे। इन्हें पहाड़ की शक्ल में सजाकर भगवान श्रीकृष्ण और गोवर्धन महाराज को चढ़ाकर ‘ओम नमो भगवते वासुदेवाय’ मंत्र का जाप कर श्रीकृष्ण की आरती की जाती है तथा सात परिक्रमा की जाती हैं ॥

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!