
जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों से आम जनता का बढ़ा भरोसा
संवाददाता/रणजीत कुमार/जहानाबाद। जहानाबाद के घोसी हाई स्कूल मैदान में एनडीए गठबंधन का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। जदयू जिला अध्यक्ष दिलीप कुशवाहा की अध्यक्षता में हुए इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
मंत्री संतोष कुमार सुमन ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में निरंतर विकास हो रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार ने 125 यूनिट बिजली मुफ्त की है। वृद्धा पेंशन 1100 रुपये की गई है। आंगनबाड़ी सेविका और होमगार्ड जवानों के मानदेय में वृद्धि की गई है।
मंत्री ने 2005 से पहले और अब के बिहार की तुलना की। उन्होंने कहा कि पहले सड़कें खराब थीं। स्कूलों में या तो भवन नहीं थे या शिक्षक नहीं थे। अब शिक्षा और स्वास्थ्य में सुधार आया है। पटना अब एक घंटे में पहुंचा जा सकता है। परिवहन मंत्री शीला मंडल ने महिला सशक्तिकरण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने पंचायती राज में महिलाओं को 33% आरक्षण दिया है। मुखिया और सरपंच जैसे पदों पर महिलाएं कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि 26 तारीख को महिलाओं को रोजगार के लिए 10,000 रुपये दिए जाएंगे।
मंत्रियों ने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन 225 सीटें जीतेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बिहार के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। घोषी के मैदान में आयोजित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ता संबोधन में कार्यकर्ताओं कहा कि एनडीए की सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों से आम जनता का भरोसा बढ़ा है। कार्यकर्ता सम्मेलन के महत्व को रेखांकित करते हुए नेताओं ने कहा कि यह यह कार्यक्रम आगामी विधानसभा चुनाव की दिशा तय करेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे बूथ स्तर तक एकजुट होकर काम करें ताकि एनडीए प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित की जा सके ।
विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगा। यह कार्यकर्ता सम्मेलन केवल औपचारिकता नहीं बल्कि कार्यकर्ताओं के मनोबल को बढ़ाने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का एक बड़ा प्रयास है। कार्यकर्ता ही चुनाव की असली ताकत होते हैं इसलिए सम्मेलन में सभी पंचायत और बूथ से कार्यकर्ताओं की उपस्थिति सुनिश्चित की गई।