A2Z सभी खबर सभी जिले कीबिहारसारन
Trending

प्रमंडलीय आयुक्त ने वितरित किए नियुक्ति पत्र

सारण जिले में शिक्षा विभाग के अंतर्गत अनुकंपा पर 138 अभ्यर्थियों की नियुक्ति

छपरा सारण से डॉ देशराज बिक्रांत की रिपोर्ट 

सारण, 6 सितंबर 2025।

शिक्षा विभाग के अंतर्गत सारण जिले में मृत शिक्षकों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति प्रदान की गई। इस संबंध में 20 अगस्त 2025 को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आहुत जिला अनुकंपा समिति की बैठक में कुल 138 अभ्यर्थियों की नियुक्ति का निर्णय लिया गया था।

समिति के निर्णय अनुसार माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में विद्यालय लिपिक के पद पर 128 तथा विद्यालय परिचारी के पद पर 10 अभ्यर्थियों की नियुक्ति की गई। आज प्रमंडलीय आयुक्त, सारण प्रमंडल, छपरा श्री राजीव रौशन ने सभी अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।

Related Articles

इस अवसर पर आयुक्त श्री रौशन एवं जिलाधिकारी श्री अमन समीर ने सभी नवनियुक्त कर्मियों को निष्ठा, ईमानदारी एवं अनुशासन के साथ कर्त्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने अभ्यर्थियों को उनकी नई यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि नवनियुक्त कर्मियों के कार्यों से आने वाली पीढ़ियों को सुविधा एवं प्रेरणा मिले, इसी ध्येय के साथ कार्य करना चाहिए। उन्होंने इस प्रक्रिया को त्वरित रूप से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी एवं पूरी टीम को बधाई दी।

जिलाधिकारी श्री अमन समीर ने बताया कि ये मामले कई वर्षों से लंबित थे। शिक्षा विभाग द्वारा नियमावली जारी होते ही जिला अनुकंपा समिति की बैठक आयोजित कर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की गई। उन्होंने कहा कि कुछ आवेदन तकनीकी कारणों से अभी प्रक्रियाधीन हैं, जिन पर विभागीय मार्गदर्शन प्राप्त होते ही शीघ्र निर्णय लिया जाएगा।

कार्यक्रम में उपविकास आयुक्त श्री यतेंद्र कुमार पाल, क्षेत्रीय उपनिदेशक शिक्षा श्री राजदेव राम, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री निशांत किरण, डीपीओ श्रीमती प्रियंका रानी, डीपीओ श्री धनंजय पासवान, डीपीओ श्री अजीत अमर हरिजन सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं सभी नवनियुक्त अभ्यर्थी उपस्थित रहे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!