
लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई : नगर परिषद पिछोर के दो कर्मचारी 30 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़े
रिपोर्टर – महेन्द्र लोधी पिछोर 9993792672
जिले के पिछोर नगर परिषद में गुरुवार को लोकायुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। यहां टीम ने नगर परिषद के दो कर्मचारियों को 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। पकड़े गए कर्मचारियों में टाइमकीपर रामबाबू त्रिपाठी और लेखपाल दीपक सिंह बनाफर शामिल हैं।
फरियादी विशाल केवट, जो कि भूमि ट्रांसकनेक्ट में इंजीनियर हैं, ने बताया कि करीब तीन माह पहले नगर परिषद पिछोर में कंप्यूटर प्रिंटर का टेंडर पास हुआ था। उपकरण लगाने के बाद 4,77,000 का बिल भुगतान होना था। इसके एवज में पिछोर सीएमओ ने 22% यानी 1 लाख रुपए रिश्वत की मांग की थी। बाद में लेखपाल के जरिए सौदा 15% यानी 60 हजार रुपए में तय हुआ।
विशाल केवट ने इस पूरे मामले की शिकायत लोकायुक्त ग्वालियर एसपी से की थी। योजना के तहत आज 60,000 में से 30,000 देना तय हुआ। जैसे ही फरियादी ने लेखपाल के कहने पर टाइमकीपर रामबाबू त्रिपाठी को पैसे दिए, लोकायुक्त टीम ने दोनों कर्मचारियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
लोकायुक्त डीएसपी विनोद कुशवाहा ने बताया कि फरियादी की शिकायत 1 सितम्बर 2025 को दर्ज की गई थी। सत्यापन के बाद यह कार्रवाई की गई। दोनों कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।