
छपरा सारण से डॉ देशराज बिक्रांत की रिपोर्ट
सारण (भेल्दी)। जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। लगनपुरा और यादवपुर गांव के बीच मही नदी पार करने के दौरान तीन स्कूली छात्र-छात्राओं की डूबकर मौत हो गई। मृतकों में दो सगे भाई-बहन भी शामिल हैं। इस घटना से पूरे गांव में मातम का माहौल है, वहीं ग्रामीणों में पुल निर्माण में देरी को लेकर गहरा आक्रोश देखा जा रहा है।
हादसे का विवरण
ग्रामीणों के अनुसार, मही नदी पर पुल निर्माण कार्य लंबे समय से अधर में लटका हुआ है। इसके चलते स्थानीय लोग नदी पार करने के लिए चचरी पुल का इस्तेमाल करते हैं। बताया जा रहा है कि रविवार को विद्यालय से लौटने के बाद तीनों बच्चे लगनपुरा से चॉकलेट खरीदने नदी पार कर रहे थे। इस दौरान संतुलन बिगड़ने से एक बच्चा पानी में गिरा और उसे बचाने के प्रयास में तीनों ही गहरे पानी में डूब गए।
मृतकों की पहचान
मृत बच्चों की पहचान लगनपुरा निवासी मंसूर अली की पुत्री शगुप्ता खातून (13 वर्ष), पुत्र नूर आलम (12 वर्ष) तथा नसीम अंसारी की पुत्री शायरा बानो (13 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों ने बच्चों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें बचाने में असमर्थता जताई।
निर्माण कंपनी पर लापरवाही का आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि पुल निर्माण कंपनी द्वारा नदी किनारे बड़े-बड़े गड्ढे खोदे गए हैं, जिनमें बारिश और बाढ़ का पानी भर गया है। यही गड्ढा मासूम बच्चों की जान का काल बन गया। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार और असावधानी के कारण यह दुर्घटना हुई है।
प्रशासनिक कार्रवाई
घटना की सूचना पर भेल्दी थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी हरेराम कुमार ने बताया कि मामले की जाँच शुरू कर दी गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।