
आकाशीय बिजली गिरने से वृद्ध महिला की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम
जमदुआ गांव में खेत में काम कर रही थी महिला, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
संवाददाता: प्रभाकर मिश्र
कौशाम्बी। जिले के करारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जमदुआ गांव में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना घटी, जिसमें खेत में काम कर रही एक 50 वर्षीय वृद्ध महिला की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की दोपहर लगभग 1 बजे के करीब जमदुआ गांव निवासी 50 वर्षीय वृद्ध महिला खेत में धान की निराई-गुड़ाई का कार्य कर रही थी। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के साथ ही आसमान में बिजली कड़कने लगी और देखते ही देखते तेज धमाके के साथ आकाशीय बिजली खेत में आ गिरी, जिसकी चपेट में महिला आ गई। बिजली गिरने से महिला मौके पर ही गंभीर रूप से झुलस गई। खेत के आसपास काम कर रहे अन्य किसानों ने जब जोरदार आवाज और धुंआ उठता देखा तो भागकर मौके पर पहुंचे और महिला को खेत से बाहर निकाला। उसकी हालत नाजुक देख तुरंत परिजन और ग्रामीण उसे लेकर घर की ओर रवाना हुए, लेकिन अफसोस की बात यह रही कि घर पहुंचने से पहले ही रास्ते में महिला ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। मृतका के परिवारजन दहाड़ मारकर रोने लगे। मृतका के बेटे और बहू का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और ग्रामीणों में भी गहरा शोक है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आकाशीय बिजली से हुई इस असमय मौत को देखते हुए पीड़ित परिवार को सरकारी मुआवजा दिया जाए ताकि उन्हें कुछ राहत मिल सके। गौरतलब है कि मानसून के दौरान इस तरह की घटनाएं आए दिन सामने आती रहती हैं, जिससे आमजन में दहशत का माहौल रहता है। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो बारिश के दौरान खेतों, खुले मैदानों या ऊंचे स्थानों पर जाने से बचना चाहिए और सुरक्षित स्थानों पर ही शरण लेनी चाहिए।
