
पाली,हरदोई। क्षेत्र के गुजीदेई गावं में ट्रांसफार्मर की चपेट में आकर करंट लगने से राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत हो गई। सुबह ग्रामीणों ने मोर को मृत हालत में जमीन पर पड़ा देख इसकी सूचना पुलिस को दी। लेकिन शाम तक पुलिस व वन विभाग का कोई भी कर्मचारी मौके पर नही पहुंचा था। जिसको लेकर ग्रामीणों ने नाराजगी जाहिर की है।
पाली थाने के गुजीदेई गावं स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में ट्रांसफार्मर लगा है। हाई टेंशन बिजली के करंट की चपेट में आकर राष्ट्रीय पक्षी की मौके पर ही मौत हो गई। सोमवार की सुबह करीब आठ बजे ग्रामीण जब स्कूल के पास से गुजरे तो उन्हें जमीन पर पड़ा मोर दिखाई दिया। ग्रामीणों ने पास जाकर देखा तो वह मर चुका था। ग्रामीणों का अनुमान है कि रविवार की देर रात ट्रांसफार्मर की चपेट में आने से राष्ट्रीय पक्षी की मौत हुई है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना सुबह नौ बजे पुलिस को दी। ग्रामीणों के अनुसार शाम पांच बजे तक पुलिस व वन विभाग का कोई भी कर्मचारी मौके पर नही पहुचा था। ऐसे में राष्ट्रीय पक्षी मृत अवस्था में शाम तक जमीन पर ही पड़ा रहा। सूचना के बाद भी पुलिस व वन कर्मियों के मौके पर न पहुचने से ग्रामीणों में नाराजगी है। वन रेंजर आलोक शर्मा ने बताया है कि सोमवार की शाम को राष्ट्रीय पक्षी के मृत पाए जाने की सूचना मिली है। अंतिम संस्कार कराने के लिए वन कर्मियों को मौके पर भेज दिया गया है।
