A2Z सभी खबर सभी जिले कीLok Sabha Chunav 2024आगराउत्तर प्रदेश

आगरा में हमने किया था विकास, 10 वर्ष में कर दिया बर्बाद; अखिलेश यादव ने रैली में गिनाए सपा सरकार में हुए काम

आगरा में हमने किया था विकास, 10 वर्ष में कर दिया बर्बाद; अखिलेश यादव ने रैली में गिनाए सपा सरकार में हुए काम

आगरा। अखिलेश यादव ने जीआईसी मैदान में हुई रैली में सपा सरकार के काम और उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में आगरा में काफी विकास कार्य कराए गए थे। पता नहीं, भाजपा को आगरा से क्या दिक्कत है, इसकी तरक्की नहीं देख सकते हैं।

कार्यकर्ताओं व समर्थकों से संवाद करते हुए पूछा कि बताओ 10 वर्ष में इन्होंने आगरा को बर्बाद किया या नहीं? हां में जवाब आने पर उन्होंने अपनी बात आगे बढ़ाई।

अखिलेश ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नाम लिए बगैर कहा कि दिल्ली वालों ने पहले भाषण में कहा था कि पर्यटन की एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था है। नफरत भरी राजनीति की वजह से मोहब्बत के शहर में 50 प्रतिशत कारोबार कम हुआ है। आंकड़े कहते हैं कि पर्यटक कम हुए हैं। बड़े हाेटलाें के कमरे खाली रह जाते हैं।

अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के मुद्दे पर शहरवासियों की नब्ज पर हाथ रखते हुए अखिलेश ने कहा कि एयरपोर्ट उधार का है। सुविधाएं ही दे देते, जिससे अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के अनुसार यह बन जाता और फ्लाइट आना शुरू हो जाती। हम ताजमहल से 15-16 दूर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाना चाहते थे, उसके लिए अधिक भूमि नहीं लेनी पड़ती। इन्होंने एनओसी नहीं दी। एनओसी दे देते तो आगरा में एयरपोर्ट बन जाता। गठबंधन सरकार में आगरा का अपना अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट होगा, जिससे व्यापार व कारोबार बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि समाजवादियों की सरकार बनने पर सबसे पहले अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम आगरा में बनाएंगे।

अखिलेश यादव ने कहा कि आगरा कहने को तो स्मार्ट सिटी है, लेकिन सड़कों पर निकलने पर दिखता है कि पुलिस में नई भर्ती हो गई है। कई बार लोग इनसे टकरा जाते हैं और जान चली जाती है। उनका इशारा आवारा पशुओं की ओर था।

जूता कारोबार का जिक्र छेड़ते हुए अखिलेश ने कहा कि जूते का कारोबार बहुत पुराना है। हमने कारोबारियों काे सुविधाएं देना शुरू की थीं। इन्होंने अन्याय किया। जूता कारोबार दूसरे देशों व शहरों में जा रहा है। इस कारोबार को खत्म करने की कोशिश की। यह उद्योग व व्यापार की सहायता इसलिए नहीं करते हैं, क्योंकि यह कई जाति व धर्म के लोगों को जोड़ता है। जूते का निर्यात अच्छा है। गठबंधन सरकार बनने पर हम सुविधा व मदद देकर इसे आगे बढ़ाने का काम करेंगे।

यमुना सफाई का पैसा लूटा

अखिलेश यादव ने सभा में यमुना की दुर्दशा का जिक्र छेड़ते हुए कहा कि मां गंगा द्वारा बुलाने की बात करने वालों को यमुना मैया की याद नहीं आई। यमुना सुखा दी। भाजपा को वोट से सुखा दो। सारे नाले यमुना में गिरने से नदी नदी नाला बन गई है। नालों की सफाई नहीं की, बजट की सफाई कर गए। यमुना की सफाई और शहर में कूड़े की सफाई को आया पैसा लूटा। स्वच्छ भारत का सपना दिखाने वालों ने अंतरराष्ट्रीय शहर आगरा को कूड़ा-कचरे का शहर बना दिया है।

अखिलेश ने यह भी कहा

लखनऊ जाने में छह घंटे लगते थे। हमने लखनऊ एक्सप्रेस-वे बनाया, सवा दो घंटे में पहुंच जाते हो।
सड़कें बनाईं और बाइपास दिया। मेडिकल कालेज ठीक किया। एंबुलेंस दीं, जो इन्होंने खराब कर दीं।
100 नंबर दिया, जिसे सरकार ने बढ़ाकर 112 कर दिया। सरकार ने नंबर बढ़ाया तो पुलिस ने अपने रेट बढ़ा दिए। 100 नंबर खराब कर दिया।
हमने सात वर्ष पूर्व लैपटॉप दिए थे, जो आज भी चल रहे हैं। इन्होंने मोबाइल फोन दिए, जो काम ही नहीं करते हैं।
संविदा पर काम कर रहे सफाई कर्मियों काे विनियमितीकरण कर खुशहाली के रास्ते पर ले जाने का काम करेंगे। उन्हें सम्मान देंगे।
पेठा मंगवाकर लखनऊ में बांटेंगे

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी भाजपा की तरह नफरत की राजनीति करने वाले नहीं हैं। भाजपाई बोलते ही कड़वा हैं। इन्हें पेठे से भी कोई लेना-देना नहीं है। जब इनकी विदाई हो तो चौराहे-चौराहे पर पेठा बांटना। हम आगरा से पेठा मंगवाकर लखनऊ के चौराहों पर बांटेंगे।

इलेक्टोरल बॉन्ड से बजा भाजपा का बैंड

अखिलेश यादव ने कहा कि इलेक्टोरल बॉन्ड से भाजपा की ईमानदारी का राजफाश हुआ है। भाजपा ने करोड़ों रुपये का चंदा वसूला। जिस कंपनी की वैक्सीन लोग लगवा रहे थे, उससे भी चंदा वसूला। हम तो वैक्सीन से बच गए, आप बचे या नहीं। कैसी सरकार है, जिसने वैक्सीन बनाने वालों से पैसा वसूला। जब से इलेक्टोरल बांड आए हैं, तब से भाजपा का बैंड बज गया है।

AKHAND BHARAT NEWS

AKHAND BHARAT NEWS

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!