पीएमश्री मैं चयनित हुए 15 स्कूल, सांवरेगा सूरत

सिद्धार्थ नगर।स्कूलों की सूरत बदलने के लिए केंद्र सरकार ने पीएमश्री योजना शुरू की है। द्वितीय चरण में योजना के तहत जनपद के 15 परिषदीय विद्यालयों का चयन हुआ है।
केंद्र सरकार की पीएमश्री योजना के तहत जिले के 15 विद्यालयों की सूरत संवर जाएगी। इसके लिए केंद्र सरकार की ओर से निर्धारित छह और राज्य सरकार की ओर से निर्धारित 10 बिंदुओं पर विद्यालयों का आकलन करने के बाद इन विद्यालयों का चयन हुआ है। इन्हें सभी सुविधाओं से लैस किया जाएगा। ये विद्यालय हाईटेक किए जाएंगे। इनमें 12वीं तक की पढ़ाई होगी। जिले के पीएमश्री स्कूलों में बच्चों को सभी सुविधाओं को दिया जाएग। इसमें हाईटेक क्लास, आधुनिक लैब, स्मार्ट क्लास, साफ-सफाई व्यवस्था, खेल मैदान आदि सुविधाएं होंगी। एक स्कूल पर 80 लाख से एक करोड़ की राशि खर्च होगी। इसके अलावा विभागीय योजनाओं को भी स्कूलों में अमली जामा पहनाया जाएगा।
शोहरतगढ़ के छतहरा, गौरा बाजार, बढ़नी के ढेकहरी खुर्द, बर्डपुर के चकईजोत, उस्का बाजार के हथिवड़ताल, भनवापुर के हसुड़ी औसानपुर, खेसरहा के लमुहीताल, बांसी के बरांव नानकार, लोटन के महदेइया, नौगढ़ के बसौनी, मिठवल के समोगरा, बांसी नगरपालिका के अशोक नगर, डुमरियागंज के दईपार, खुनियांव के सोनौली नानकार, जोगिया के टड़िया बाजार शामिल हैं।
पीएमश्री योजना के तहत आच्छादित हुए इन 15 स्कूलों में रोजगार परक शिक्षा व इंटर्नशिप की सुविधा भी प्राप्त होगी। इन स्कूलों में बच्चे माह के 10 दिन बिना बैग के आएंगे। सभी छात्रों की जानकारी पीएम श्री पोर्टल पर उपलब्ध रहेगी। आईआईटी की तर्ज पर पीएम श्री स्कूल अन्य सरकारी स्कूलों के लिए रोल मॉडल होंगे। इनके छात्र हैकथान, सर्वे, विज्ञान व गणित के प्रोजेक्ट में भी हिस्सा ले सकेंगे।
…………..
प्रदेश स्तर से भारत सरकार को विद्यालयों की अंतिम सूची भेजी गई थी पर भारत सरकार की ओर से द्वितीय चरण में 15 विद्यालयों को चयनित किया गया है। इन स्कूलों मे विद्यालय प्रबंध समिति का एक पृथक से खाता खोलने का निर्देश दिया गया है। प्रत्येक शैक्षिक सत्र में पीएमश्री योजना के तहत स्कूलों का चयन जाएगा। प्रथम चरण में 18 स्कूलों का चयन हुआ था।
– देवेंद्र कुमार पांडेय, बीएसए