हमीरपुर। थाना बिवांर क्षेत्र के हिमौली गांव में पैसे के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक वृद्ध को गोली मारकर घायल कर दिया गया।
गोली वृद्ध की जांघ में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से गांव में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, 22 नवंबर को गांव निवासी सुंदरलाल वर्मा (करीब 65 वर्ष) का गांव के ही चिरउआ से पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान चिरउआ ने सुंदरलाल वर्मा को गोली मार दी, जो उनके पैर की जांघ में लगी।
घटना की सूचना मिलते ही थाना बिवांर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल वृद्ध को ग्राम प्रधान सुनील कुमार ने निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया, जहां उन्हें उपचार के लिए सीएचसी मौदहा भेजा गया।
क्षेत्राधिकारी मौदहा राजकुमार पाण्डेय ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है।
तहरीर प्राप्त कर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।
