79 वर्षों की सौहार्दपूर्ण विरासत, दोस्ती और विश्वास के अटूट रिश्ते
भारतीय सेना और पूंछ की जनता ने मनाया पूंछ दिवस 2026, वीर सैनिकों और स्थानीय नागरिकों के साहस, बलिदान एवं देशभक्ति को किया नमन
राजेश कुमार पूंछ
पूंछ, 22 नवंबर 2026:
भारतीय सेना और पूंछ की जनता ने 22 नवंबर 1948 को पूंछ का देश के बाकी हिस्सों से ऐतिहासिक संपर्क स्थापित होने की 79वीं वर्षगांठ के अवसर पर पूंछ दिवस 2026 मनाया। इस अवसर पर उन वीर सैनिकों और स्थानीय नागरिकों के अदम्य साहस, बलिदान और संघर्ष को याद किया गया, जिन्होंने ब्रिगेडियर प्रीतम सिंह के नेतृत्व में लंबे समय तक चली घेराबंदी का बहादुरी से सामना किया था।
स्थानीय नागरिकों द्वारा हवाई पट्टी का पुनर्निर्माण तथा भारतीय वायु सेना द्वारा हवाई संपर्क मार्ग स्थापित करना आज भी सामूहिक संकल्प, अटूट साहस और राष्ट्रीय एकता का प्रेरणादायक प्रतीक बना हुआ है।
इस ऐतिहासिक विरासत को सम्मान देते हुए पूंछ दिवस समारोह 2026 के तहत पूरे एक महीने तक विभिन्न सामुदायिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया गया। इनमें चिकित्सा शिविर, नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम, राशन वितरण, पौधारोपण अभियान, सांस्कृतिक कार्यक्रम और खेल गतिविधियां शामिल रहीं।
समारोह के प्रमुख आकर्षणों में पूंछ हॉकी लीग 2026 (10 से 15 नवंबर) तथा 16 नवंबर को आयोजित कृत्रिम अंग प्रत्यारोपण एवं फिटमेंट शिविर शामिल रहे। इन कार्यक्रमों का आयोजन प्रीतम स्पिरिचुअल फाउंडेशन ने भारतीय सेना के सहयोग से किया। इन पहलों के माध्यम से दिव्यांगजनों को महत्वपूर्ण सहायता प्रदान की गई तथा समाज में संवेदनशीलता, समानता और सामुदायिक कल्याण की भावना को मजबूत किया गया।
इस अवसर पर मेजर जनरल मनोज कुमार रूरिया, वीएसएम, जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी), ऐस ऑफ स्पेड्स डिवीजन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
उन्होंने पूंछ के लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी की सराहना करते हुए उनके अदम्य साहस, धैर्य और देशभक्ति की प्रशंसा की। विशेष रूप से ऑपरेशन सिंदूर सहित चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के दौरान स्थानीय लोगों द्वारा दिखाए गए साहस और एकजुटता को सराहा।
उन्होंने भारतीय सेना, नागरिक प्रशासन और स्थानीय समुदाय के संयुक्त प्रयासों की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल आपसी विश्वास को बढ़ावा देने, सेना और नागरिकों के बीच संबंधों को मजबूत करने तथा दोस्ती के इस ऐतिहासिक रिश्ते को और गहरा बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
79 वर्ष बाद भी पूंछ का जज्बा अटूट है। साहस से एकजुट, विश्वास से मजबूत और दोस्ती के अटूट रिश्ते में बंधा पूंछ आज भी अपनी गौरवशाली विरासत को संजोए हुए है।
