
बच्चों-महिलाओं का निकलना हुआ दूभर, प्रशासन बना मूकदर्शक

बानसूर सब्जी मंडी के दूसरे गेट निर्माण की आड़ में अतिक्रमण कर मुख्य नाली को तोड़कर बंद कर दिया गया। नतीजा यह कि पूरी सीसी रोड गंदे पानी के तालाब में तब्दील हो चुकी है। स्कूली बच्चे कीचड़ से सने बस्ते लेकर निकलने को मजबूर हैं, महिलाएं और बुजुर्ग फिसलकर गिर रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही। सब्जी मंडी अधिकारियों की इस मनमानी ने आमजन का जीना मुहाल कर दिया है। महीनों से सड़क पर बह रहे बदबूदार पानी से बीमारी फैलने का खतरा मंडरा रहा है, मगर नगर पालिका और उपखंड प्रशासन चिर निद्रा में सोया है। जनता पूछ रही है कि आखिर कब तक प्रशासन की इस लापरवाही का खामियाजा आम आदमी भुगतेगा? मामले ने तूल पकड़ा तो राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी बानसूर के नगर अध्यक्ष राहुल आर्य बुधवार को आक्रोशित वार्डवासियों के बीच पहुंचे। हालात देखकर आर्य का पारा चढ़ गया। उन्होंने मौके पर ही चेतावनी दी कि “कांग्रेस पार्टी हर वर्ग के साथ खड़ी है और जनता के हक के लिए सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ेगी।” राहुल आर्य ने सीधा आरोप लगाया कि बिना स्वीकृति के नाली तोड़ना बड़ा भ्रष्टाचार है। उन्होंने सवाल दागा कि नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ने सब्जी मंडी को अतिक्रमण की छूट किसके इशारे पर दी? आर्य ने ऐलान किया कि वे तुरंत उपखंड अधिकारी व ईओ को पत्र भेजकर 48 घंटे में कार्रवाई की मांग करेंगे। उन्होंने दो टूक कहा कि यदि गंदे पानी की निकासी तुरंत शुरू नहीं हुई और दोषी अधिकारियों पर गाज नहीं गिरी, तो जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर आंदोलन किया जाएगा।