
सशस्त्र सेना झंडा दिवस ट्रॉफी एवं प्रशंसा पत्र कलेक्टर को सौंपे गए
लक्ष्य से अधिक राशि संग्रहण एवं सैनिक कल्याण गतिविधियों में उत्कृष्ट योगदान पर मिला सम्मान
सैनिकों एवं उनके परिवारों के सम्मान और कल्याण के प्रति प्रशासन संवेदनशील : कलेक्टर श्री वशिष्ठ
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुर्णा / 27 मई 2026/
मध्यप्रदेश के राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल द्वारा प्रदाय सशस्त्र सेना झंडा दिवस ट्रॉफी 2025 एवं प्रशंसा पत्र आज कलेक्ट्रेट चेम्बर में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी विंग कमांडर श्री देवेंद्र सिंह तोमर (सेवानिवृत्त) एवं कल्याण संयोजक श्री राजेश पाटिल द्वारा अध्यक्ष जिला सैनिक बोर्ड एवं कलेक्टर पांढुर्णा श्री नीरज कुमार वशिष्ठ को सौंपे गए।
उल्लेखनीय है कि सशस्त्र बल झंडा दिवस 2025 के अवसर पर मध्यप्रदेश के राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल द्वारा यह ट्रॉफी एवं प्रशंसा पत्र जिला सैनिक बोर्ड पांढुर्णा को लक्ष्य से अधिक राशि संग्रहित करने एवं सैनिक कल्याण गतिविधियों में सराहनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया है। यह सम्मान जिले में सैनिक कल्याण के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों एवं जनसहभागिता का प्रतीक है।

इस अवसर पर कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने कहा कि सशस्त्र सेना झंडा दिवस केवल एक अभियान नहीं, बल्कि देश की रक्षा में समर्पित सैनिकों, भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता एवं संवेदनशीलता व्यक्त करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा सैनिकों एवं उनके आश्रितों के कल्याण के लिए निरंतर गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जा रहा है तथा उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए प्राथमिकता के आधार पर प्रयास किए जा रहे हैं।

जिला सैनिक कल्याण अधिकारी विंग कमांडर श्री देवेंद्र सिंह तोमर (सेवानिवृत्त) ने बताया कि जिले में सशस्त्र सेना झंडा दिवस के तहत व्यापक जनसहभागिता से लक्ष्य से अधिक राशि संग्रहित की गई। उन्होंने बताया कि संग्रहित राशि का उपयोग भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों के कल्याणकारी कार्यों, सहायता एवं विभिन्न सुविधाओं के लिए किया जाता है।
