
मुख्य सड़कों पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े टेम्पो और अन्य वाहनों के कारण लोगों को भारी परेशानी

नगर पंचायत गठन के तीन से चार वर्ष बीत जाने के बावजूद अब तक बाजार क्षेत्र में स्थायी टेम्पो स्टैंड की व्यवस्था नहीं
जहानाबाद। जिले के घोसी बाजार में ट्रैफिक जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। नगर पंचायत गठन के तीन से चार वर्ष बीत जाने के बावजूद अब तक बाजार क्षेत्र में स्थायी टेम्पो स्टैंड की व्यवस्था नहीं हो सकी है। नतीजा यह है कि हर दिन मुख्य सड़कों पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े टेम्पो और अन्य वाहनों के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सुबह और शाम के समय स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जब बाजार पूरी तरह जाम की गिरफ्त में आ जाता है।
घोसी-धामापुर रोड, ऊपरी बाजार, थाना परिसर, हनुमान मंदिर और अंबेडकर मोड़ जैसे व्यस्त इलाकों में टेम्पो चालक सड़क किनारे ही वाहन खड़ा कर सवारी बैठाते हैं। इससे सड़क संकरी हो जाती है और वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है। कई बार दोपहिया, चारपहिया और मालवाहक वाहन घंटों जाम में फंसे रहते हैं। बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोगों को भी आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। जाम की समस्या का सबसे अधिक असर स्कूली छात्र-छात्राओं पर पड़ रहा है। आदर्श मध्य विद्यालय घोसी और धामापुर की ओर आने-जाने वाले बच्चों को रोज सड़क पार करने में परेशानी होती है। साइकिल से स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं को भारी ट्रैफिक के बीच जोखिम उठाकर निकलना पड़ता है।
सब्जी मंडी और अतिक्रमण से बढ़ रही परेशानी
स्थानीय लोगों के अनुसार, टेम्पो स्टैंड नहीं होने के कारण चालक मजबूरी में सड़क पर वाहन खड़ा करते हैं। वहीं बाजार में लगने वाली सब्जी मंडी और दुकानदारों द्वारा सड़क किनारे सामान रखने से समस्या और गंभीर हो जाती है। कई जगहों पर सड़क इतनी पतली हो जाती है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है. लोगों का कहना है कि किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। प्रशासन द्वारा कई बार टेम्पो स्टैंड निर्माण की योजना बनाई गई और जगह का चयन भी हुआ, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल धरातल पर नहीं उतर सकी। बाजारवासियों ने बताया कि कई बार थाना की गाड़ी तक जाम में फंस जाती है, जिससे आपात स्थिति में भी परेशानी बढ़ जाती है। स्थानीय व्यापारियों, अभिभावकों और आम नागरिकों ने प्रशासन से जल्द स्थायी टेम्पो स्टैंड बनाने तथा बाजार क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाया गया, तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है।