
कप्तानगंज- कप्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत हरदी गांव में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक मां ने अपने ही 6 वर्षीय मासूम बेटे की धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार हरदी गांव निवासी कीर्ति पत्नी संदीप सिंह ने किसी कारणवश अपने पुत्र प्रभव पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे मासूम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बेटे की हत्या के बाद महिला ने खुद को भी चाकू मारकर घायल कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।
बताया जा रहा है कि कीर्ति की शादी लगभग 7 वर्ष पूर्व हरदी गांव निवासी संदीप सिंह के साथ हुई थी। घटना के पीछे पारिवारिक विवाद, मानसिक तनाव अथवा अन्य किसी कारण की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
घटना के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने मासूम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।