A2Z सभी खबर सभी जिले की

जिले में प्रत्येक बुधवार होगा “युवा संगम” कार्यक्रम का आयोजन रोजगार, स्वरोजगार और अप्रेंटिसशिप के अवसरों से जुड़ेंगे युवा

जिले में प्रत्येक बुधवार होगा “युवा संगम” कार्यक्रम का आयोजन रोजगार, स्वरोजगार और अप्रेंटिसशिप के अवसरों से जुड़ेंगे युवा

संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

राज्य शासन के निर्देशानुसार वर्ष 2026-27 में जिले के युवाओं को एक ही मंच पर रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से “जिला युवा संगम कार्यक्रम” आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम शासकीय आईटीआई पांढुर्णा एवं अन्य संस्थानों में प्रत्येक माह के तीसरे बुधवार को आयोजित होगा।

जारी निर्देशों के अनुसार कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु जिला नोडल प्राचार्य श्री जानवेद तलमले, शासकीय आईटीआई पांढुर्णा से संपर्क कर सभी विभागों एवं संस्थाओं को सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जिले के अधिक से अधिक युवाओं को इस पहल का लाभ मिल सके। कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा समय-समय पर बैठक के माध्यम से की जाएगी।

कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पांढुर्णा एवं सौंसर द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के बेरोजगार युवाओं की पहचान कर कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। जिला उद्योग केंद्र उद्योगों के साथ समन्वय स्थापित कर रिक्तियों की जानकारी उपलब्ध कराएगा तथा उद्योग प्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करेगा। जिला रोजगार अधिकारी द्वारा प्रतिमाह आयोजित होने वाले युवा संगम कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

Related Articles

नगर पालिका एवं नगर परिषद अधिकारियों को शहरी क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार और युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है। महिला एवं बाल विकास विभाग युवतियों एवं महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों के प्रति जागरूक करेगा। उद्योग प्रतिनिधि अपने प्रतिष्ठानों में उपलब्ध रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप रिक्तियों की जानकारी देकर युवाओं का चयन करेंगे।

राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा स्व-सहायता समूहों से जुड़े परिवारों के बेरोजगार युवाओं को कार्यक्रम से जोड़ने का कार्य किया जाएगा। श्रम विभाग असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को योजनाओं की जानकारी प्रदान करेगा। जिले के महाविद्यालयों एवं आईटीआई संस्थानों के प्राचार्यों को अंतिम वर्ष एवं उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ द्वारा जारी इस पहल का उद्देश्य जिले के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ाना है।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!