A2Z सभी खबर सभी जिले की

कोटपूतली मंडी में गेहूं तौल में बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर, ADC के छापे में खुली पोल

50 किलो पर 350 ग्राम ज्यादा तौल, खाली कट्टे पर 700 ग्राम की कटौती; तीनों कांटे अप्रमाणित मिले

कोटपूतली। भारतीय खाद्य निगम के गेहूं खरीद केंद्र पर किसानों के साथ बड़े स्तर पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश सहारण ने मंगलवार को कृषि उपज मंडी समिति कोटपूतली स्थित खरीद केंद्र का औचक निरीक्षण किया तो तौल में भारी गड़बड़ी पकड़ी गई।

निरीक्षण के दौरान किसानों ने तौल में गड़बड़ी और खाली कट्टे का वजन ज्यादा काटने की शिकायत की। ADC ने तुरंत मापतोल विभाग की तकनीकी टीम बुलाकर जांच कराई।

जांच में खरीद केंद्र पर लगे तीनों इलेक्ट्रॉनिक कांटे लंबे समय से अप्रमाणित पाए गए। मानकों के अनुसार जांच में प्रति 50 किलो गेहूं पर करीब 350 ग्राम अधिक तौल की जा रही थी। वहीं खाली कट्टे का निर्धारित वजन 135 ग्राम के बजाय 500 से 700 ग्राम तक काटा जा रहा था। इससे किसानों को प्रति कट्टा 700 से 800 ग्राम गेहूं का सीधा नुकसान हो रहा था। ADC ने ऑयल जांच मशीन का भी अवलोकन किया।अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने खरीद केंद्र प्रभारी को कड़ी फटकार लगाई और तुरंत कांटे दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही FCI के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए मंडी सचिव रामफूल गुर्जर और विधिक मापतोल अधिकारी को निर्देशित किया।

Related Articles

ADC सहारण ने दो टूक कहा कि किसानों के हितों से किसी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं होगा। सभी खरीद केंद्रों पर पारदर्शिता और मानकों का पालन कड़ाई से हो। उन्होंने नियमित निरीक्षण कर ऐसी गड़बड़ी दोबारा न होने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान मंडी सचिव रामफूल गुर्जर सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!